अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में हिस्सा लेने के लिए स्विट्जरलैंड के डावोस जा रहे थे, तभी उनकी उड़ान में अचानक तकनीकी चेतावनी आ गई. बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान के सिस्टम में रेड सिग्नल दिखा, जिसके बाद पायलटों ने बिना जोखिम लिए विमान को वापस अमेरिका की ओर मोड़ दिया. यह घटना मंगलवार (स्थानीय समय) की है, जब विमान ने वॉशिंगटन डीसी के पास स्थित एंड्रयूज जॉइंट बेस से उड़ान भरी थी. व्हाइट हाउस की ओर से बताया गया कि विमान में “मामूली तकनीकी खराबी” सामने आई, जिसके बाद एहतियातन विमान को वापस लाने का फैसला लिया गया.
क्या थी तकनीकी खराबी?
व्हाइट हाउस रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उड़ान के बाद विमान के क्रू ने एक माइनर इलेक्ट्रिकल इश्यू पकड़ा. सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए एयर फोर्स वन को तुरंत एंड्रयूज जॉइंट बेस वापस मोड़ दिया गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम पूरी तरह सुरक्षित हैं और अब वे दूसरे विमान से स्विट्ज़रलैंड के लिए रवाना होंगे.
WEF डावोस में ट्रंप का अहम दौरा
डोनाल्ड ट्रंप को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 में कीनोट स्पीच देनी है. यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका और यूरोपीय यूनियन के रिश्तों में तल्खी देखी जा रही है. खासकर ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप के बयानों ने यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, यूरोप के शीर्ष नेता इस सम्मेलन को एक डिप्लोमैटिक मंच के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते हैं, ताकि हालात को बिगड़ने से रोका जा सके.
एयर फोर्स वन: राष्ट्रपति की उड़ती पहचान
एयर फोर्स वन सिर्फ एक विमान नहीं, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ताकत और पहचान का प्रतीक है. बोइंग कंपनी 1943 से अमेरिकी राष्ट्रपतियों के लिए विशेष विमान बना रही है. फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट पहले राष्ट्रपति थे, जिन्होंने बोइंग 314 क्लिपर विमान से हवाई यात्रा की थी. मौजूदा VC-25A (747-200) से लेकर भविष्य के VC-25B (747-800) तक, बोइंग के ये विमान दुनिया भर में अमेरिका की मौजूदगी का प्रतीक माने जाते हैं. इनका डिजाइन बहुत ही अधिक सुरक्षित किया गया है. इसके बावजूद, सुरक्षा नियम इतने सख्त हैं कि छोटी सी तकनीकी चेतावनी पर भी उड़ान रद्द या मोड़ी जा सकती है. व्हाइट हाउस ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रपति ट्रंप दूसरे विमान से डावोस के लिए रवाना होंगे और उनके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी डावोस में ट्रंप की मौजूदगी तय मानी जा रही है.
यूरोप में बढ़ी हलचल
उधर ट्रंप की सख्त बयानबाज़ी को लेकर उनके करीबी सहयोगियों के भीतर भी चिंता की खबरें हैं. CNN के अनुसार, कुछ सहयोगी निजी तौर पर इस बयानबाज़ी से असहज हैं और तनाव कम करने का रास्ता तलाश रहे हैं. ऐसे में डावोस में ट्रंप की मौजूदगी को काफी अहम माना जा रहा है.
