New Zealand Landslide: यह हादसा उस समय हुआ जब इलाके में भारी बारिश के बाद जमीन खिसक गई और छुट्टी मनाने आए लोगों के लिए बना कैंपग्राउंड मलबे की चपेट में आ गया. आपातकालीन प्रबंधन मंत्री मार्क मिचेल ने इस घटना को एक त्रासदी बताया है. उन्होंने कहा कि बीच साइड हॉलिडे पार्क में बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है.

मलबे के नीचे से आवाजें सुनाई दी
न्यूजीलैंड अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग के कमांडर विलियम पाइके ने बताया कि शुरुआत में बचाव दल को मलबे के नीचे से कुछ आवाजें सुनाई दी थीं. हालांकि बाद में कोई आवाज नहीं आई. अब तक किसी भी जीवित व्यक्ति के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे यह भूस्खलन हुआ. मलबा कैंपर वैन, कारों, टेंटों, हॉट पूल और एक शॉवर ब्लॉक पर आ गिरा. इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया.

बता दें, आपातकालीन सेवाएं अब भी यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि कोई व्यक्ति इलाके में फंसा न रह गया हो. यह भूस्खलन टौरंगा शहर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद हुआ. आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक के 24 घंटों में वहां 270 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

Add Zee News as a Preferred Source

कुछ इलाकों से संपर्क टूटा
भारी बारिश और बाढ़ ने नॉर्थ आइलैंड के कई हिस्सों को रातभर प्रभावित किया है. हजारों लोग बिजली के बिना रह गए हैं. पूर्वी तट और नॉर्थलैंड के कुछ इलाकों में समुदायों का संपर्क कट गया है. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रभावित इलाकों के लोगों से स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा सलाह मानने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘नॉर्थ आइलैंड में मौसम खतरनाक हालात पैदा कर रहा है. सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रही है.’

माउंट मौंगानुई क्षेत्र में इस हफ्ते भीषण तूफान और बाढ़ का असर देखा गया है. यहां 12 घंटों में ढाई महीने के बराबर बारिश दर्ज की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. स्थानीय मेयर माहे ड्राइसडेल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस समय उनकी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना है.

इनपुट-आईएएनएस

यह भी पढ़ें: PHOTOS: किसी बड़े तूफान की आहट या कोई और वजह, अचानक ऑस्ट्रेलिया में शार्क के हमलों ने डराया; क्या बोले एक्सपर्ट्स?