News in Brief

भारत के धाकड़ फिनिशर रिंकू सिंह ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक विराट रिकॉर्ड बना दिया है. रिंकू सिंह ने साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के एक महारिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है. बता दें कि रिंकू सिंह ने बुधवार को नागपुर में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में तबाही मचाकर रख दी. रिंकू सिंह ने भारत को जीत दिलाने में बड़ा रोल निभाया है. बता दें कि भारत ने न्यूजीलैंड को नागपुर में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 48 रन से हरा दिया. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी.

रिंकू सिंह का बड़ा अजूबा

रिंकू सिंह इस मैच में नंबर-7 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और 20 गेंद पर 44 रन ठोक दिए. रिंकू सिंह ने 220 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 3 छक्के उड़ाए. रिंकू सिंह के बेहतरीन फिनिशिंग टच की वजह से टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. भारतीय पारी के दौरान रिंकू सिंह की आखिरी ओवरों में की गई ताबड़तोड़ बैटिंग बहुत अहम साबित हुई और भारत 48 रनों से मैच जीतने में कामयाब रहा. रिंकू सिंह ने 20वें ओवर में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए. रिंकू सिंह ने ऐसा करके महेंद्र सिंह धोनी के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

Add Zee News as a Preferred Source

रिंकू सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

रिंकू सिंह ने अपनी 20 गेंद पर 44 रन की तूफानी पारी के दौरान तीन छक्के लगाए, जिनमें से दो छक्के आखिरी ओवर में आए. इससे T20I में 20वें ओवर में रिंकू सिंह के छक्कों की संख्या 12 हो गई, जिससे उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इससे वह कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी आगे निकल गए, जिन्होंने T20I में 20वें ओवर में 11 छक्के लगाए हैं. अब तक सिर्फ हार्दिक पांड्या ही 20वें ओवर में 15 छक्कों के साथ इस लिस्ट में सबसे आगे हैं.

T20I में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय

1. हार्दिक पांड्या – 99 गेंदों पर 15 छक्के

2. रिंकू सिंह – 38 गेंदों पर 12 छक्के

3. महेंद्र सिंह धोनी – 132 गेंदों पर 12 छक्के

4. सूर्यकुमार यादव – 28 गेंदों पर 11 छक्के

5. दिनेश कार्तिक – 49 गेंदों पर 9 छक्के

रिंकू सिंह ने अपनी पारी पर क्या कहा?

अपनी शानदार पारी को लेकर रिंकू सिंह ने कहा, ‘मुझ पर दबाव था क्योंकि मैं टीम में अंदर-बाहर हो रहा था. प्लान था कि हम सिंगल लेंगे और फिर बड़े शॉट खेलेंगे. इसके साथ ही, आखिर तक टिके रहना था. मैंने वही किया. गौतम गंभीर सर ने मुझसे कहा कि इरादा बनाए रखना. हम इस कॉन्फिडेंस और मोमेंटम को वर्ल्ड कप में आगे ले जाना चाहते हैं और उसे जीतना चाहते हैं.’