News in Brief

Sarfaraz Khan Ranji Trophy: भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान ने एक और शतक से सनसनी मचा दी है. उन्होंने गुरुवार (22 जनवरी) को मुंबई के लिए नाबाद शतक बनाया. हैदराबाद के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी 2025-26 एलीट ग्रुप डी मैच में 28 साल के बल्लेबाज ने नंबर 5 पर नाबाद 142 रन बनाए. मैच के पहले दिन स्टंप के समय तक उनके बल्ले से 11 चौके और 5 छक्के निकले. 

टीम इंडिया में नहीं मिल रही जगह

सरफराज को ऑस्ट्रेलिया दौरे (2024-25) के बाद टेस्ट टीम से अचानक बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने संन्यास ले लिया. इन दो दिग्गजों के रिटायर होने के बावजूद सरफराज की टीम में वापसी नहीं हुई. वह अभी भी कप्तान शुभमन गिल, कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की स्कीम से बाहर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

सरफराज और लाड ने की 249 रनों की साझेदारी

अमनदीप खरे और अनुस्तुप मजूमदार ही ऐसे दो बल्लेबाज हैं जिन्होंने 2019-20 सीजन के बाद से सरफराज से ज्यादा रणजी शतक बनाए हैं. अजिंक्य रहाणे की गैरमौजूदगी में मुंबई की कप्तानी कर रहे सिद्धेश लाड ने भी घरेलू दिग्गज टीम के लिए शतक बनाया. लाड ने 179 गेंदों में 104 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल थे. मुंबई को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया था और लाड ने चौथे विकेट के लिए सरफराज के साथ 249 रन जोड़े.

ये भी पढ़ें: ​ODI से फ्लॉप होकर डोमेस्टिक में भी शुभमन गिल ने तोड़ा दिल, अनजान गेंदबाज ने 0 पर भेजा पवेलियन, रवींद्र जडेजा भी फुस्स

मुशीर खान का नहीं चला बल्ला

स्टंप्स के समय से पहले रोहित रायडू ने 86वें ओवर में लाड को विकेट के सामने फंसाकर साझेदारी तोड़ी. इसके बाद हिमांशु सिंह (0) सरफराज के साथ क्रीज पर आए. रायडू (2/66) ने ओपनर अखिल हरवाडकर (27) को भी आउट किया, जबकि कप्तान मोहम्मद सिराज ने दूसरे ओपनर आकाश आनंद (35) को आउट किया. वह इस सीजन का अपना पहला रणजी मैच खेल रहे हैं. साई यादव ने भी एक विकेट लिया और मुशीर खान (11) को सस्ते में आउट किया.

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से OUT, अब क्या करेगा पाकिस्तान? ICC के फैसले से मोहसिन नकवी की खिसकी जमीन

ग्रुप डी में टॉप पर मुंबई

मुंबई 60/0 पर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन फिर उसने तीन जल्दी विकेट गंवा दिए और स्कोर 86/3 हो गया. नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए सरफराज ने फिर लाड के साथ मिलकर टीम को संभाला. तीन जीत के साथ मुंबई 24 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर है, जबकि जम्मू और कश्मीर 20 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. उसके बाद राजस्थान (13) है. हैदराबाद भी 13 अंकों पर है और क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे.