ICC U19 World Cup 2026: अंडर-19 वर्ल्ड कप में गुरुवार (22 जनवरी) का दिन काफी रोमांचक रहा. आयरलैंड की टीम ने जापान को रोमांचक मैच में हराकर उसका दिल तोड़ दिया. उसने सुपर-6 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली. जापान का सपना टूट गया और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया. दूसरी ओर, पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की. वह भी अगले दौर में पहुंच गया. हार के बावजूद जिम्बाब्वे की टीम सुपर-6 में पहुंच गई.
जापान ने बनाए 247 रन
जापान ने तीनों मुकाबलों में हार का सामना किया, जबकि आयरलैंड ने 3 में से 1 मैच अपने नाम किया. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी जापानी टीम ने 9 विकेट खोकर 247 रन बनाए. ह्यूगो केली ने निहार परमार के साथ पहले विकेट के लिए 5.2 ओवरों में 23 रन की साझेदारी की. केली 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से निखिल पोल ने निहार के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए.
जापान ने 72 रन पर गंवाए थे 4 विकेट
निहार ने 51 गेंदों में 24 रन की पारी खेली, जबकि निखिल महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे. टीम 72 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से चार्ल्स हिंजे ने कप्तान काजुमा काटो स्टैफोर्ड (24) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन जुटाए. हिंजे 70 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे. गेब्रियल हिंजे (44) ने स्काइलर नाकायमा कुक (30) के साथ आठवें विकेट के लिए 50 गेंदों में 62 रन की तेजतर्रार साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. विपक्षी खेमे से ओलिवर रिले और एडम लेकी ने 3-3 सफलताएं हासिल कीं. इनके अलावा सैमुअल हैस्लेट ने 2 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से OUT, अब क्या करेगा पाकिस्तान? ICC के फैसले से मोहसिन नकवी की खिसकी जमीन
आयरलैंड ने 48 ओवरों में जीता मैच
इसके जवाब में आयरलैंड ने 48 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस टीम को जेम्स वेस्ट और फ्रेडी ओगिल्वी की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 8.2 ओवरों में 48 रन जुटाए. जेम्स 19 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ओगिल्वी ने एडम लेकी के साथ दूसरे विकेट के लिए 95 रन जुटाते हुए टीम को 143 के स्कोर तक पहुंचा दिया.
सेबेस्टियन ने आयरलैंड के लिए ठोका अर्धशतक
लेकी 57 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ओगिल्वी ने 73 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. उनकी इस पारी में 2 छक्के और 4 चौके शामिल थे. इनके अलावा सेबेस्टियन डिज्क्स्ट्रा ने 55 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. जापान के लिए काजुमा काटो स्टैफोर्ड और टिमोथी मूर ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि निखिल पोल और चार्ल्स हिंजे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें: ODI से फ्लॉप होकर डोमेस्टिक में भी शुभमन गिल ने तोड़ा दिल, अनजान गेंदबाज ने 0 पर भेजा पवेलियन, रवींद्र जडेजा भी फुस्स
पाकिस्तान की जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत
पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टूर्नामेंट के 19वें मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया. ग्रुप-सी से इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ जिम्बाब्वे ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम 35.5 ओवरों में महज 128 रन पर सिमट गई. आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने महज 26.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली.
