Anis Alamgir: बांग्लादेश में जारी तनाव के बीच ढाका की एक अदालत ने आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वरिष्ठ पत्रकार अनीस आलमगीर की जमानत याचिका खारिज कर दी है. यह आदेश अतिरिक्त मेट्रोपॉलिटन सेशंस जज-1 मोहम्मद आलमगीर ने दिया. बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (सीएमएम) कोर्ट भी आलमगीर को जमानत देने से इनकार कर चुकी है. आलमगीर के वकील तस्लीमा जहां पोपी ने अदालत के आदेश की पुष्टि की.
20 दिसंबर से जेल में है आलमगीर
रिपोर्ट के मुताबिक, पत्रकार अनीस आलमगीर को 14 दिसंबर को पुलिस ने पूछताछ के लिए डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) कार्यालय बुलाया था. उसी रात आर्यन अहमद नामक व्यक्ति, जिसने खुद को जुलाई क्रांतिकारी गठबंधन नामक संगठन का सदस्य बताया ने आलमगीर समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी राज्य को अस्थिर करने की साजिश और एक प्रतिबंधित संगठन को उकसाने में शामिल थे.
इसके बाद 15 दिसंबर को आलमगीर को 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया और 20 दिसंबर को उन्हें जेल भेज दिया गया, जहां वह अब भी हिरासत में हैं. इस मामले में जिन अन्य तीन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें अभिनेत्री मेहर अफरोज शाओन, फैशन मॉडल मारिया किस्पोटा और टेलीविजन होस्ट इम्तु रतीश शामिल हैं. शिकायत के अनुसार, आरोपी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राज्य को अस्थिर करने की साजिशों में शामिल थे.
अवामी लीग के करीबी माने जाते हैं आलमगीर
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि पिछले वर्ष 5 अगस्त से आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और टेलीविजन टॉक शो के जरिए एक प्रतिबंधित संगठन को पुनर्जीवित करने और अवामी लीग के पुनर्वास की कोशिश कर रहे थे. आरोप है कि इन गतिविधियों से छात्र लीग और जुबो लीग सहित प्रतिबंधित संगठनों के कार्यकर्ताओं को उकसावा मिला, जिससे राष्ट्र विरोधी साजिशों, हिंसा और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा.
ये भी पढ़ें: चिकन नेक… तीस्ता का पानी, आखिर किस फिराक में चीन-बांग्लादेश? क्यों कर रहे बार-बार सिलीगुड़ी कॉरिडोर का दौरा
बता दें, अनीस आलमगीर एक वरिष्ठ बांग्लादेशी पत्रकार हैं, जिन्हें बगदाद से इराक युद्ध की रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है. वह डिप्लोमैटिक कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन बांग्लादेश (डीसीएबी) के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं. इससे पहले दिसंबर 2025 में कई संपादकों, पत्रकारों और मानवाधिकार संगठनों ने आलमगीर की गिरफ्तारी पर चिंता जताते हुए अंतरिम सरकार से उनकी तत्काल रिहाई की मांग की थी.
