Trump Warned Iran: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त चेतावनी जारी की है. ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने क्षेत्र में एक विशाल नौसैनिक बेड़ा और बड़ी सैन्य शक्ति तैनात की है जो ईरान की दिशा में आगे बढ़ रही है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाशिंगटन की प्राथमिकता सैन्य टकराव से बचना है.

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि हमारा एक बड़ा नौसैनिक बेड़ा उस दिशा में जा रहा है और हम देखेंगे कि आगे क्या होता है. हमारी एक बड़ी सेना ईरान की ओर बढ़ रही है. मैं नहीं चाहता कि कुछ भी हो लेकिन हम उन पर कड़ी नजर रख रहे हैं. ट्रंप के इस बयान को ईरान को चेतावनी देने के रूप में देखा जा रहा है.

ट्रंप ने ईरान को फिर दी चेतावनी

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, पिछले कुछ हफ्तों में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों की मौतों को लेकर ट्रंप लगातार तेहरान पर दबाव बनाते रहे हैं. उन्होंने कई मौकों पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दी, हालांकि हाल के दिनों में उनके रुख में कुछ नरमी देखी गई है. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका का दबाव ही कारण है कि ईरान ने कथित रूप से सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को दी जाने वाली फांसी की सजा को रोक दिया.

ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी अधिकारियों ने 837 लोगों को फांसी देने की योजना बनाई थी, जिसे अंतिम समय में रद्द कर दिया गया. उन्होंने कहा कि वे सभी मारे जा चुके होते. उनमें से हर एक को फांसी पर लटका दिया गया होता. लेकिन हमने दबाव डाला और इसे रोक दिया गया. ट्रंप ने इन कथित फांसी की योजनाओं को हजार साल पुरानी बर्बरता बताते हुए कहा कि अमेरिका की चेतावनी के बाद ईरान पीछे हट गया.

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, जिन लोगों को फांसी दी जानी थी उनमें अधिकतर युवा पुरुष शामिल थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने ईरान को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि अगर फांसी दी गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. ट्रंप ने कहा कि मैंने कहा था कि अगर तुम उन लोगों को फांसी देते हो तो तुम्हें अब तक की सबसे भीषण मार झेलनी पड़ेगी.

इससे पहले हमने तुम्हारे परमाणु कार्यक्रम के साथ जो किया था, वह भी आपको छोटा लगेगा. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि फांसी की सजा निर्धारित समय से महज एक घंटे पहले पूरी तरह रद्द कर दी गई थी. उनके मुताबिक, ईरान ने इसे स्थगित नहीं बल्कि पूरी तरह खत्म कर दिया, जिसे उन्होंने एक सकारात्मक संकेत बताया.

यूएसएस अब्राहम लिंकन ईरान की ओर बढ़ा

इस बीच, अमेरिकी सैन्य तैयारियों को लेकर भी नई जानकारियां सामने आई हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आने वाले दिनों में एक विमानवाहक पोत स्ट्राइक ग्रुप और अन्य सैन्य संसाधन मध्य पूर्व पहुंच सकते हैं.

पिछले सप्ताह ईरान के साथ बढ़ते तनाव के चलते विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन, कई विध्वंसक जहाजों और लड़ाकू विमानों ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र से प्रस्थान किया था. एक अमेरिकी अधिकारी ने यह भी संकेत दिया है कि क्षेत्र में अतिरिक्त हवाई रक्षा प्रणालियां तैनात करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे का जवाब दिया जा सके.

ये भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस से पहले अलर्ट! भारत में बड़े हमले की फिराक में ISI; जानें बांग्लादेश के रास्ते कैसे रची जा रही साजिश?

हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका किसी नए सैन्य टकराव की ओर नहीं बढ़ना चाहता. बुधवार को उन्होंने उम्मीद जताई कि वाशिंगटन की ओर से आगे कोई सैन्य कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी दी कि अगर ईरान ने अपना परमाणु कार्यक्रम दोबारा शुरू किया तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा. 

दावोस में एक साक्षात्कार के दौरान ट्रंप ने कहा कि वे परमाणु कार्यक्रम नहीं कर सकते. अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह फिर से होगा. परमाणु मुद्दे पर भी चिंताएं बनी हुई हैं. संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA), ने बताया है कि मासिक निरीक्षण के प्रावधानों के बावजूद पिछले कम से कम सात महीनों से ईरान के अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम के भंडार का सत्यापन नहीं हो पाया है. इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताएं और बढ़ गई हैं.

ये भी पढ़ें: कौन हैं अनीस आलमगीर, जिनकी जमानत याचिका को कोर्ट ने किया खारिज; यूनुस सरकार ने आतंकवाद विरोधी मामले में किया था गिरफ्तार

ईरान के भीतर हालात भी लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. दिसंबर के अंत में आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई के विरोध में शुरू हुए प्रदर्शन धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गए. मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई बेहद कठोर रही है.

अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी (HRANA) के अनुसार, अशांति से जुड़ी 4500 से अधिक मौतों की पुष्टि की जा चुकी है, जिनमें हजारों प्रदर्शनकारी शामिल हैं. वहीं हजारों अन्य मामलों की अभी समीक्षा की जा रही है. दूसरी ओर, ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि अब तक 5000 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जिनमें सैकड़ों सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं.