Big Bash League Sydney Sixers: बिग बैश लीग 2025-26 (BBL) के फाइनल में सिडनी सिक्सर्स का मुकाबला पर्थ स्कॉर्चर्स से होगा. दोनों टीमें 25 जनवरी के पर्थ के होमग्राउंड ऑप्टस स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. बिग बैश लीग इतिहास में छठी बार इन दो फ्रेंचाइजियों के बीच खिताबी मुकाबला होना है. पर्थ फिलहाल 3-2 से आगे है. बता दें कि इस सीजन के लीग मैचों के बाद अंक तालिका में टॉप-2 टीमें यही दोनों थीं. पर्थ ने क्वालीफायर मुकाबले में सिडनी को हराकर डायरेक्ट फाइनल का टिकट कटा लिया था.
होबार्ट ने मेलबर्न को हराकर चैलेंजर मैच में बनाई थी जगह
सिडनी को हार के बाद चैलेंजर मैच में होबार्ट हरिकेंस का सामना करना पड़ा. इस मैच में उसने 57 रनों से जीत दर्ज की. बता दें कि होबार्ट ने मेलबर्न स्टार्स को नॉकआउट मुकाबले में बाहर करके चैलेंजर मैच में जगह बनाई थी. सिक्सर्स ने शुक्रवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में जोरदार प्रदर्शन किया और टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 198 रन बनाए.
स्मिथ-फिलिप की बड़ी साझेदारी
सिडनी के लिए डैनियल ह्यूजेस और स्टीव स्मिथ की सलामी जोड़ी ने 3 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की. डेनियल 10 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद स्मिथ ने जोश फिलिप के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया. फिलिप ने 2 चौकों के साथ 15 रन की पारी खेली.
ये भी पढ़ें: सरफराज के बाद एक और दोहरा शतक… बंगाल की टीम से निकला डबल सेंचुरियन, बोर्ड पर 500+ रन
स्मिथ ने होबार्ट के गेंदबाजों को धोया
स्मिथ ने मोइसेस हेनरिक्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 16 गेंदों में 29 रन जुटाते हुए टीम को 120 के स्कोर तक पहुंचाया. स्मिथ 43 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से जोएल डेविस ने 27 रन और लैकलान शॉ ने 21 रन की पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. होबार्ट के लिए रिले मेरेडिथ ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि बिली स्टैनलेक और रिशद हुसैन ने 2-2 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें: Australian Open: 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में छाए कार्लोस अल्काराज, दानिल मेदवेदेव ने 3 घंटे 43 मिनट के मैराथन मैच को जीता
141 रन ही बना पाई होबार्ट की टीम
इसके जवाब में होबार्ट हरिकेंस 17.2 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई. मिचेल ओवन और टिम वार्ड की सलामी जोड़ी ने 1.5 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की. ओवन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. टिम वार्ड भी इतने ही रन बनाकर आउट हुए. यह टीम 29 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी. यहां से ब्यू वेबस्टर के साथ कप्तान बेन मैकडरमॉट ने तीसरे विकेट के लिए 48 रन जुटाते हुए टीम को संभाला. वेबस्टर 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान मैकडरमॉट ने 26 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 40 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. बेन ड्वार्शुइस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए. मिचेल स्टार्क, सीन एबॉट और जोएल डेविस ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.
