अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया जीत की पटरी पर सवार है. शनिवार को भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई. इससे पहले आयुष म्हात्रे की टीम ने अमेरिका और बांग्लादेश को रौंदा था. भारत ने सुपर सिक्स ग्रुप 2 में जगह बनाई है, जहां उसका 27 जनवरी को जिम्बाब्वे से सामना होगा. इसके बाद टीम इंडिया 1 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ हाई वोल्टेज मैच खेलेगी. कुछ दिनों पहले जब अंडर-10 एशिया कप के फाइनल में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, तब पाकिस्तान ने भारत को बुरी तरह हराया था. आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी उस शर्मनाक हार का बदला लेना चाहेंगे.
शनिवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम 36.2 ओवरों में महज 135 रन पर सिमट गई. कीवी टीम ने 2.2 ओवर में ह्यूगो बोग का विकेट गंवाया। उस समय तक टीम 5 ही रन बना सकी थी. पांचवें ओवर में कप्तान टॉम जोन्स (2) भी चलते बने. टीम ने 7.1 ओवरों के खेल तक 17 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट भी गंवा दिया था. इसी बीच बारिश ने दस्तक दी.
जब खेल फिर से शुरू हुआ, तो मुकाबले को 37-37 ओवरों का कर दिया गया था, लेकिन 22 के स्कोर तक न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई.
यहां से जसकरण संधू ने जैकब कॉटर के साथ 62 गेंदों में 37 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. जैकब कॉटर 47 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 2 चौके शामिल थे. सेल्विन संजय ने कैलम सैमसन के साथ आठवें विकेट के लिए 53 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया. सैमसन ने नाबाद 37 रन जुटाए, जबकि संजय ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश के आगे कीवी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए. अंबरीश ने 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट चटकाए. उनके साथी गेंदबाज हेनिल पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किया. खिलन पटेल, मोहम्मद एनान और कनिष्क चौहान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
आयुष म्हात्रे ने जड़ा धमाकेदार अर्धशतक
भारत को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर जीत के लिए 130 रन का टारगेट मिला, जिसे टीम इंडिया ने 13.3 ओवरों में हासिल कर लिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी से ज्यादा खतरनाक बल्लेबाजी कप्तान आयुष म्हात्रे ने की. पहली गेंद से ही उन्होंने आक्रामक रवैया अपनाया और महज 24 गेंदों पर अर्धशतक ठोका. इसके साथ ही आयुष म्हात्रे ने ऐसा कारनामा किया, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे थे. दूसरे विकेट के लिए वैभव-आयुष के बीच 39 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पार्टनरशिप हुई.
