Kavya Maran Celebration: सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की मालकिन काव्या मारन के लिए रविवार, 25 जनवरी का दिन यादगार रहा. SA20 2025-26 के फाइनल में उनकी टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने प्रिटोरिया कैपिटल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया. SA20 में अभी तक चार सीजन हुए हैं और तीन में सनराइजर्स ईस्टर्न केप चैंपियन बनी है. तीसरी बार ट्रॉफी जीतने के बाद मालकिन काव्या मारन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने जोरदार जश्न मनाया. सोशल मीडिया पर उनके जश्न का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
SA20 2025-26 के फाइनल में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 158 रन बनाए. डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार शतक जड़कर महफिल लूटी, लेकिन उनकी इस पारी पर पानी फिर गया. सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने आखिरी ओवर में लक्ष्य का पीछा कर इतिहास रच दिया. इसके बाद काव्या मारन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
पिता को गले लगाकर झूमीं काव्या मारन
सोशल मीडिया पर काव्या मारन के जश्न का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देख सकते हैं कि वो फुटबॉल जगत के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अंदाज में जश्न मना रही हैं. वहीं, एक मोमेंट दिल छू रहा है, जिसमें वो जीत के बाद पिता को गले से लगाती दिखीं. खिताब जीतने के बाद उन्होंने ‘तीन उंगली’ दिखाकर इशारा भी किया और दुनिया को बता दिया कि उनकी टीम तीसरी बार SA20 में चैंपियन बनी है. फाइनल में कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स और मैथ्यू ब्रीत्जके के बीच 114 रनों की शानदार साझेदारी हुई. स्टब्स ने 41 गेंदों पर 63 रन और ब्रीत्जके ने 49 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली.
— Jeet (@JeetN25) January 25, 2026
अभिषेक शर्मा ने भी मचाया कोहराम
काव्या मारन के लिए डबल खुशी की बात इसलिए थी क्योंकि रविवार, 25 जनवरी को गुवाहाटी में अभिषेक शर्मा भी न्यूजीलैंड की धज्जियां उड़ा रहे थे. उधर केप टाउन में उनकी टीम चैंपियन बनी और इधर आईपीएल में उनकी फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 14 गेंद पर फिफ्टी जड़कर सनसनी मचा दी. तीसरे टी20 इंटरनेशनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से रौंदकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.
ये भी पढ़ें: संजू सैमसन के लिए बड़ी खुशखबरी! फेल होने के बावजूद अगले दोनों मैचों में मौका मिलना तय, ये है बड़ी वजह
