News in Brief

Royal Challengers Bengaluru vs Mumbai Indians Women: महिला प्रीमियर लीग 2026 के 16वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ. वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जीत भले ही हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को मिली, लेकिन दिल RCB की स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने जीता. धाकड़ महिला खिलाड़ी ने एक बार फिर बता दिया कि क्यों उन्होंने फैंस ‘लेडी धोनी’ के नाम से बुलाते हैं.

ऋचा घोष जब बल्लेबाजी करने उतरी तो उनकी टीम संकट में थी. 200 रनों का पीछा करते हुए RCB ने महज 35 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे. मैच उनकी पकड़ से बहुत दूर जा चुकी थी, लेकिन ऋचा ने हार नहीं मानी और एक समय के लिए मुंबई इंडियंस की जान हलक में आ गई थी. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ने अकेले लड़ाई लड़ते हुए 50 गेंदों पर 90 रनों की शानदार पारी खेली.

ऋचा घोष बनी ‘वन वुमन आर्मी’

Add Zee News as a Preferred Source

जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सारे बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरसते दिखे, वहां ऋचा घोष ने मुश्किल परिस्थिति में अकेले लड़ाई लड़ते हुए 90 रनों की बेहतरीन पारी खेली. अगर उन्हें दूसरी तरह से थोड़ा भी सपोर्ट मिल जाता, तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था. 180.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए ऋचा घोष ने 10 चौके और 6 आसमानी छक्के उड़ाए. हालांकि, उनकी इस पारी पर पानी फिर गया और लगातार 5 मैच जीतने के बाद अब स्मृति मंधाना की टीम लगातार दो मुकाबले हार चुकी है.

प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है मुंबई इंडियंस 

ये मैच मुंबई इंडियंस के लिए काफी अहम था. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए हरमनप्रीत कौर की टीम को जीत की दरकार थी और उन्होंने निराश नहीं किया. इंग्लैंड की स्टार ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वो WPL के इतिहास में सेंचुरी जड़ने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गई हैं. मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में RCB ने 20 ओवरों में 184 रन बनाए और मुंबई ने 15 रन से मुकाबला जीतकर सीजन में अपनी तीसरी जीत हासिल की. 

WPL 2026 का पॉइंट्स टेबल

WPL 2026 के पॉइंट्स टेबल की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इस जीत के बाद मुंबई इंडियंस के खाते में 7 मैचों में 3 जीत और 4 हार के साथ 6 अंक हैं और वो दूसरे स्थान पर आ गए हैं. लगातार दो हार के बावजूद RCB 10 अंकों के साथ पहले नंबर पर मौजूद हैं. दिल्ली कैपिटल्स के भी 6 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट में मुंबई आगे है और इसी वजह से दिल्ली तीसरे स्थान पर हैं. 

ये भी पढ़ें: Abhishek Sharma Vs Chris Gayle: 36 मैचों में किसका रिकॉर्ड बेहतर? जानें कौन है असली ‘यूनिवर्स बॉस’