News in Brief

T20 World Cup 2026: टीम इंडिया इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के जरिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटी है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और क्रिकेट एक्सपर्ट की नजर में खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की शृंखला में भारत 3-0 से आगे है. सोमवार (26 जनवरी) को बीसीसीआई ने बड़ा अपडेट दिया कि स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा बाकी बचे दो मैचों में भी उपलब्ध नहीं रहेंगे. 

तिलक वर्मा को टी20 वर्ल्ड कप के लिए तो टीम में शामिल किया गया है, लेकिन बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने इस साल अभी तक एक भी मुकाबला नहीं खेला है. बड़ा सवाल ये है कि मेगा इवेंट में सीधे उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह देना रिस्क साबित होगा या फिर ये गंभीर-अगरकर का मास्टरस्ट्रोक है?

तिलक वर्मा सीधे वर्ल्ड कप खेलेंगे

Add Zee News as a Preferred Source

तिलक वर्मा इस साल एक भी टी20 क्रिकेट खेले बिना टी20 विश्व कप में उतरेंगे। 23 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज अंडकोष की सर्जरी से उबर रहे हैं और उन्हें मैच फिटनेस हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है. तिलक के 3 फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ने की उम्मीद है और वे न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे, हालांकि शुरुआत में उन्हें केवल पहले तीन मैचों के लिए ही बाहर किया गया था. श्रेयस अय्यर, जो विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं हैं, द्विपक्षीय श्रृंखला के अंत तक टीम के साथ बने रहेंगे.

रिस्क या मास्टरस्ट्रोक?

भले ही टी20 इंटरनेशनल में तिलक वर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है. पिछले साल भारत को एशिया कप जिताने में उनका अहम किरदार रहा था. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 69 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. हालांकि, किसी भी खिलाड़ी के लिए चोट से वापसी कर सीधे वर्ल्ड कप में खेलना एक बड़ी चुनौती होती है. तिलक के टैलेंट पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन डर इस बात का है कि कहीं पुराने रंग में लौटने के लिए उन्हें कुछ मैच ना लग जाए. अगर ऐसा होता है तो टीम इंडिया मुसीबत में फंस सकती है.

संजू सैमसन भी नहीं दिखा रहे दम

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में ज्यादातर भारतीय बल्लेबाज बल्ले से जलवा दिखा रहे हैं, लेकिन संजू सैमसन का बल्ला बिल्कुल खामोश है. गुवाहाटी में हुए तीसरे मैच में भी वो फेल हुए और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. राहत की बात ये है कि ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं और ऐसे में अगर टी20 वर्ल्ड कप में जरूरत पड़ती है तो वो अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कर सकते हैं. 

नंबर-3 पर खेलेंगे तिलक वर्मा

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले ही साफ कर दिया है कि तिलक वर्मा वापसी के बाद नंबर-3 पर खेलेंगे. फिलहाल इस स्थान पर ईशान खेल रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप में अगर संजू सैमसन के साथ-साथ तिलक वर्मा के बल्ले से भी नहीं निकलेंगे तो टीम इंडिया मैनेजमेंट के सामने बड़ी चुनौती आ सकती है. भारतीय फैंस तो यही दुआ करेंगे कि इस साल बिना एक भी मैच खेले सीधे टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने जा रहे तिलक वर्मा वैसे ही बल्लेबाजी करें, जिसके लिए वो जाने जाते हैं. अगर ऐसा नहीं हुआ तो ट्रॉफी डिफेंड करना मुश्किल हो सकता है.

ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा को रोकने के लिए NZ करेगा ‘ब्रह्मास्त्र’ का इस्तेमाल, सबसे दुर्लभ महारिकॉर्ड बनाने वाले गेंदबाज को बुलाया