
Sanju Samson India vs New Zealand: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में 50 रनों से हार गई. विशाखापत्तनम में बुधवार (28 जनवरी) को शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शर्मनाक प्रदर्शन के कारण टीम को शिकस्त मिली. कीवियों से मिले 216 रन के टारगेट के सामने अभिषेक शर्मा खाता खोले बगैर पहली ही गेंद पर आउट हो गए और कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ 8 रन ही बना सके. इसके बाद सबको संजू सैमसन से उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने सीरीज के लगातार चौथे मैच में निराश किया. वह सिर्फ 24 रन ही बना सके. भारत 18.4 ओवरों में 165 रनों पर ऑलआउट होकर मैच हार गया.
सैमसन ने गंवाया सुनहरा मौका
सैमसन इससे पहले सीरीज के 3 मैचों में सिर्फ 16 रन बना पाए थे. उन्होंने एक और सुनहरा मौका गंवा दिया. सैमसन अपनी पारी की शुरुआत अच्छी की और लय में दिख रहे थे. जब ऐसा लगा कि वह पूरी तरह क्रीज पर सेट हो गए हैं, तभी मिचेल सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया और 3 चौकों के साथ एक छक्का लगाया.
अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए सैमसन
ईशान किशन के मैच से बाहर होने और श्रेयस अय्यर के बेंच पर होने के कारण यह सैमसन के लिए मौका था कि वह इसका फायदा उठाएं. दूसरे छोर पर रिंकू सिंह उनका साथ दे रहे थे और दोनों ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि भारत पावरप्ले में 53 रन बनाए. एक समय सैमसन लगभग 200 के स्ट्राइक-रेट से रन बना रहे थे और उन्होंने जैकब डफी की गेंद पर एक शानदार छक्का भी लगाया. हालांकि, जब सैंटनर बॉलिंग करने आए तो सैमसन अपनी लय नहीं पकड़ पाए और एक फ्लाइटेड गेंद पर आउट हो गए.
ये भी पढ़ें: 49 बॉल में शतक! न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ रचा इतिहास, कीवी ओपनर्स ने मचाया गदर
आखिर सैमसन को क्या हुआ?
इस सीजन में अब तक सैमसन के साथ एक बड़ी दिक्कत उनकी फुटवर्क रही है. वह बॉलर्स के सामने क्रीज में पीछे चले जाते हैं. सैंटनर के खिलाफ भी यही दिक्कत बनी रही. वह बहुत ज्यादा पीछे चले गए और अपने पैरों में कोई मूवमेंट नहीं ला पाए. कमेंट्री कर रहे इयान स्मिथ ने कहा कि सैमसन इस समय अपनी बैटिंग को लेकर कन्फ्यूज लग रहे हैं. स्मिथ ने कहा, ”यह बिल्कुल भी पक्के इरादे वाला शॉट नहीं था. यह ऐसी गेंद भी नहीं थी जिससे टॉप-ऑर्डर का कोई खिलाड़ी आउट हो जाए. वह इस समय अपनी बैटिंग को लेकर कन्फ्यूज हैं.”
ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के बल्ले ने दिया धोखा, बना शर्मनाक रिकॉर्ड, रोहित शर्मा-केएल राहुल और संजू सैमसन के लिस्ट में नाम दर्ज
गावस्कर ने की आलोचना
सुनील गावस्कर ने सैमसन की टेक्निक की ज्यादा आलोचना की. उन्हें लगा कि स्पिनर के खिलाफ उन्हें फ्रंट फुट पर खेलना चाहिए था. गावस्कर ने कहा, ”मुझे भी यही लगा था. वह हमेशा पीछे जाते हैं और फिर फ्रंट फुट का मूवमेंट बहुत कम होता है. अब एक तेज गेंदबाज के सामने पीछे जाना तो समझ में आता है, लेकिन एक स्पिनर के सामने आपको सच में पीछे जाने की जरूरत नहीं होती. अगर कुछ करना है तो आपको जितना हो सके आगे जाना चाहिए ताकि टर्न को रोका जा सके या अगर कोई टर्न है भी तो उससे दूर भी जाना चाहिए. तीनों स्टंप्स को खुला छोड़कर उन्होंने खुद का कोई भला नहीं किया.” अब तक खेले गए चार मैचों में सैमसन ने 10 की औसत और 142.85 के स्ट्राइक-रेट से 40 रन बनाए हैं.
