Over 100 Afghans released from UAE prisons: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अपने नेशनल डे के अवसर पर एक बड़ा और मानवीय फैसला लेते हुए 100 से अधिक अफगान नागरिकों को अपनी जेलों से रिहा कर दिया है. यह कदम ऐसे समय पर आया है, जब अफगानिस्तान क्षेत्रीय राजनीति में पाकिस्तान को कड़ी चुनौती देता रहा है. यूएई का यह फैसला न सिर्फ मानवीय दृष्टि से अहम है, बल्कि इसे कूटनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.
नेशनल डे पर बड़ा फैसला
यूएई प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रिहा किए गए अफगान नागरिकों में से कई अपने देश अफगानिस्तान लौट चुके हैं. बाकी लोगों की वापसी के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जो जल्द ही समाप्त होने की उम्मीद है.
काबुल की कूटनीति लाई रंग
इस रिहाई के पीछे अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय और यूएई स्थित अफगान दूतावास की लगातार कोशिशें अहम रहीं. अफगान विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेशों में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा और रिहाई सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है.
अफगान विदेश मंत्रालय का बयान
अफगान विदेश मंत्रालय ने यूएई सरकार और संबंधित अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से कई परिवारों को राहत मिली है. मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर नजर रखी जाएगी.
परिवारों में लौटी उम्मीद
प्रवासी अधिकार कार्यकर्ता सैयद अब्दुल बासित अंसारी ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा, “यूएई की जेलों से 108 अफगान कैदियों की रिहाई बेहद राहत देने वाली खबर है. इससे कैदियों और उनके परिवारों दोनों को मानसिक सुकून मिला है.” वहीं, एक अन्य कार्यकर्ता अली रज़ा करीमी ने कहा कि यह फैसला यह साबित करता है कि सक्रिय और सकारात्मक कूटनीति विदेशों में फंसे नागरिकों के लिए कितनी असरदार हो सकती है.
स्थायी समाधान की जरूरत
राजनीतिक विश्लेषक सैयद ग़रीबुल्लाह सादात का मानना है कि अफगान विदेश मंत्रालय और शरणार्थी व प्रत्यावर्तन मंत्रालय के बीच एक संयुक्त समन्वय समिति बनाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के मामलों को और व्यवस्थित तरीके से सुलझाया जा सके.
मजबूरी में विदेश गए थे लोग
बीते कुछ वर्षों में आर्थिक संकट और रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में अफगान नागरिक विदेश गए. ऐसे में यह रिहाई न सिर्फ उन्हें नई शुरुआत का मौका दे रही है, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी बड़ी राहत बनकर आई है.
