News in Brief

Blast in Coal Mine: मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स स्थित थांग्सको खदान में हुए विस्फोट ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. इस विस्फोट में मरने वालों की संख्या 30 पहुंच गई है. घटना के बाद से ही यहां पर NDRF की टीम पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है. भीषण विस्फोट ने क्षेत्र में अवैध खनन की भयावह वास्तविकता को उजागर कर दिया है. आशंका अभी ये भी जताई जा रही है कि कई लोग मलबे के नीचे फंसे होंगे.

पीड़ितों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है, लेकिन खबरों के अनुसार अधिकांश प्रवासी मजदूर हैं, जो संभवतः असम से आए हैं. खदान के भीतर फंसे मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कहा कि ये धमाका कैसे हुआ और इसके अन्य कारण क्या है, इसको लेकर जांच की जा रही है. 

हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. पीएम ने कहा कि मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स में हुए हादसे से दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं. घायल जल्द से जल्द ठीक हों.

Add Zee News as a Preferred Source

हादसे को लेकर केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने ट्वीट किया कि मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में एक अवैध कोयला खदान में हुई दुखद घटना, जिसमें कई लोगों की जान चली गई, उससे मुझे बहुत दुख हुआ है. कोयला मंत्रालय मेघालय सरकार के संपर्क में है ताकि अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द बचाया जा सके. मैंने मंत्रालय को राज्य सरकार से पूरी रिपोर्ट मांगने का भी निर्देश दिया है ताकि जवाबदेही तय की जा सके और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.