French Teacher Abuse: फ्रांस से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, फ्रांस में 79 साल के एक पूर्व शिक्षक पर 5 दशकों से अधिक समय तक 89 नाबालिगों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगे हैं. ये मामला तब सामने आया जब जांच एजेंसियों को एक यूएसबी ड्राइव मिली, जिसमें आरोपी ने अपने अपराधों का विस्तृत विवरण दर्ज कर रखा था. आरोपी 2024 से हिरासत में है और मामले की जांच जारी है.
आरोपी की पहचान जैक्स लेव्यूगल के रूप में हुई
फ्रांस के प्रॉसिक्यूटर एटिएन मांटो ने आरोपी की पहचान जैक्स लेव्यूगल के रूप में सार्वजनिक की है. उसका जन्म 1946 में एनेसी, फ्रांस में हुआ था. अभियोजन पक्ष ने बताया कि पहले आरोपी का नाम इसलिए सार्वजनिक नहीं किया गया था क्योंकि तथ्यों की पुष्टि की जा रही थी. अब नाम उजागर करने का उद्देश्य यह है कि संभावित पीड़ित आगे आकर जांच में सहयोग करें.
अभियोजन के अनुसार, लेव्यूगल पर 1967 से 2022 के बीच 13 से 17 साल के नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराध करने के आरोप हैं. ये घटनाएं नौ देशों- जर्मनी, स्विट्जरलैंड, मोरक्को, नाइजर, अल्जीरिया, फिलीपींस, भारत, कोलंबिया और फ्रेंच क्षेत्र न्यू कैलेडोनिया में हुईं. आरोपी इन देशों में फ्रीलांस शिक्षक और इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्य करता था.
प्रॉसिक्यूटर मांटो ने बताया कि आरोपी विभिन्न देशों में जाकर ट्यूशन और शिक्षण के बहाने युवाओं से संपर्क बनाता था. वह स्पेलियोलॉजी का प्रशिक्षक और फ्रेंच भाषा का शिक्षक भी रहा है. जांच में सामने आया कि वह विदेशी भाषाएं और संस्कृति सिखाने के नाम पर युवाओं के करीब पहुंचता था.
ये भी पढ़ें: ना कोई मोड़, न कोई ढलान… सिर्फ 2 घंटे में 256 KM की दूरी तय; इस मुस्लिम देश में है दुनिया का सबसे अनोखा हाइवे
यूएसबी ड्राइव से खुली शख्स की पोल
बता दें ये मामला तब उजागर हुआ जब अक्टूबर 2023 में आरोपी के भतीजे को एक यूएसबी ड्राइव मिली. बताया गया कि भतीजा आरोपी की अनुपस्थिति में उसके सामान की जांच कर रहा था. यूएसबी में 15 अलग-अलग हिस्सों में लिखित सामग्री थी, जिसमें नाबालिगों के साथ उसके यौन संबंधों का विस्तृत विवरण दर्ज था. इन दस्तावेजों के आधार पर अब तक 89 संभावित पीड़ितों की पहचान की गई है. हालांकि, कई नाम अधूरे या अस्पष्ट होने के कारण दशकों पुराने मामलों में पीड़ितों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है.
जांच के दौरान मामला और गंभीर हो गया जब आरोपी ने अपनी मां और 92 वर्षीय आंटी की हत्या करने की बात स्वीकार की. अभियोजन के अनुसार, उसने अपनी कैंसर से पीड़ित मां की तकिए से दबाकर हत्या की और बाद में अपनी आंटी की भी सोते समय जान ले ली. इन हत्याओं को यौन अपराधों से अलग माना जा रहा है, लेकिन जांच का हिस्सा बनाया गया है. अधिकारियों ने संभावित पीड़ितों और गवाहों के लिए एक हॉटलाइन शुरू की है, ताकि वे आगे आकर जानकारी साझा कर सकें. जांच एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय कर रही हैं क्योंकि मामला कई देशों से जुड़ा हुआ है. फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और उसके खिलाफ बहु देशीय जांच जारी है.
