Tamil Brahmi Inscription: मिस्र के वैली ऑफ किंग्स में पत्थरों पर कुछ नाम खुदे हुए मिले हैं. ये नाम करीब 2,000 साल पुराने बताए जा रहे हैं. इनमें सिकाई कोर्रन, कोपन और काटन जैसे नाम शामिल हैं. सिकाई कोर्रन नाम तमिल-ब्राह्मी लिपि में लिखा मिला है. सिकाई का मतलब चोटी या ताज जैसा होता है. कोर्रन या कोट्रन का मतलब नेता होता है. यह नाम वहां की छह शाही कब्रों में से पांच में पाया गया है. दिलचस्प बात यह है कि इन मकबरों को मूल रूप से करीब 1600 ईसा पूर्व बनाया गया था. बाद में अलग-अलग देशों से आए लोग इन्हें देखने पहुंचे और अपने नाम वहां लिख गए.
30 भारतीय लेख, जिनमें 20 तमिल में
स्विट्जरलैंड के लॉजेन विश्वविद्यालय के विद्वान इन्गो स्ट्राउच और फ्रांस की शार्लोट श्मिड ने इन लेखों की पहचान की और उन्हें पढ़ा. उन्होंने इस हफ्ते चेन्नई में तमिल शिलालेख सम्मेलन में अपनी खोज पेश की. कुल 30 भारतीय लेख मिले हैं. इनमें से 20 तमिल भाषा में हैं. बाकी संस्कृत, प्राकृत और गांधारी-खरोष्ठी लिपि में हैं. इससे यह संकेत मिलता है कि पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत, जैसे आज का गुजरात और महाराष्ट्र, से भी लोग वहां पहुंचे थे. एक संस्कृत लेख में लिखा है कि पहली सदी ईस्वी में पश्चिम भारत पर राज करने वाले क्षहरात वंश के एक दूत यहां आए थे.
ग्रीक अंदाज की झलक
एक लेख में लिखा है कि “सिकाई कोर्रन वरा कांता” यानी “सिकाई कोर्रन आया और देखा.” शार्लोट श्मिड के अनुसार यह वाक्य ग्रीक भाषा में वहां आम तौर पर लिखे जाने वाले वाक्यों जैसा है. इसका मतलब यह हो सकता है कि इस व्यक्ति ने ग्रीक लेख पढ़े और उनसे प्रेरित होकर अपना नाम लिखा. इसी तरह कब्र नंबर 1 में कोपन वरता कंतन यानी कोपन आया और देखा लिखा है. कब्र नंबर 8 में “काटन” नाम मिला है जो दक्षिण भारत में शुरुआती तमिल-ब्राह्मी लेखों में भी मिलता है. बता दें, इनमें से कुछ नाम बेरेनाइके नाम के प्राचीन रोमन बंदरगाह पर भी मिले हैं. यह बंदरगाह लाल सागर के किनारे था और भूमध्य सागर से हिंद महासागर तक व्यापार का अहम रास्ता था.
प्राचीन दौर की वैश्विक कड़ी
वैली ऑफ किंग्स में करीब 2,000 ग्रीक लेख भी मिले हैं जो भूमध्य सागर के अलग-अलग इलाकों से आए यात्रियों ने लिखे थे. शोधकर्ताओं के मुताबिक इतनी दूर से भारत से आने वाले व्यापारी सबसे अलग थे. रोमन लेखकों जैसे प्लिनी और टॉलेमी ने भारत के साथ व्यापार का जिक्र किया था. हालांकि क्या भारतीय व्यापारी खुद भी पश्चिम तक जाते थे? इस पर सवाल बना हुआ था.
वरिष्ठ शिलालेख विशेषज्ञ वाई सुब्बारायालु के अनुसार यह खोज साफ तौर पर दिखाती है कि रोमन काल में भारत और पश्चिमी दुनिया के बीच दो तरफा व्यापार होता था. यह खोज बताती है कि हजारों साल पहले भी दुनिया आपस में जुड़ी हुई थी और भारतीय व्यापारी दूर-दूर तक यात्रा करते थे.
यह भी पढ़ें: ना कोई मोड़, न कोई ढलान… सिर्फ 2 घंटे में 256 KM की दूरी तय; इस मुस्लिम देश में है दुनिया का सबसे अनोखा हाइवे
