जाह्नवी कंडुला 23 साल की थीं और सिएटल में पढ़ाई कर रही थीं. सड़क पार करते समय उन्हें एक पुलिस अधिकारी की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी. इस मामले में परिवार ने 110 मिलियन डॉलर का मुकदमा किया था. जिसे अब समझौते के जरिए खत्म कर दिया गया है.
262 करोड़ रुपये में समझौता
सिएटल प्रशासन ने जाह्नवी कंडुला के परिवार को 29 मिलियन डॉलर यानी करीब 262 करोड़ रुपये देने पर सहमति जताई है. यह रकम गलत तरीके से हुई मौत के मामले में दर्ज मुकदमे को खत्म करने के लिए दी जाएगी. यह मुकदमा साल 2024 में शहर प्रशासन और पूर्व पुलिस अधिकारी केविन डेव के खिलाफ 110 मिलियन डॉलर का दायर किया गया था. पिछले साल केविन डेव को नौकरी से हटा दिया गया था. बताया गया है कि इस 29 मिलियन डॉलर में से करीब 20 मिलियन डॉलर शहर की बीमा कंपनी देगी.
कौन थीं जाह्नवी कंडुला
जाह्नवी कंडुला भारत की रहने वाली 23 साल की छात्रा थीं. वह नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल कैंपस में इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर डिग्री कर रही थीं. 23 जनवरी 2023 को वह सड़क पार कर रही थीं तभी एक तेज रफ्तार पुलिस गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी थी.
कैसे हुआ हादसा
जिस समय यह हादसा हुआ पुलिस अधिकारी केविन डेव एक गंभीर ओवरडोज कॉल पर जा रहे थे. वह 40 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमा वाले इलाके में 119 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे. गाड़ी की इमरजेंसी लाइट जल रही थी और बीच-बीच में सायरन भी बजाया जा रहा था. डैशकैम वीडियो में दिखा कि जाह्नवी सड़क पार करने की कोशिश कर रही थीं तभी गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह 100 फीट से ज्यादा दूर जा गिरीं थी.
कानूनी कार्रवाई और फैसले
फरवरी 2024 में अभियोजकों ने केविन डेव पर गंभीर आपराधिक मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि अपराध साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं. हालांकि बाद में उन्हें लापरवाही से गाड़ी चलाने के दूसरे दर्जे के मामले में दोषी माना गया. उन पर 5,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया और बाद में पुलिस विभाग ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया.
बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग से बढ़ा गुस्सा
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब एक और पुलिस अधिकारी डेनियल ऑडरर की बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग सामने आई. उसमें वह हंसते हुए यह कहते सुनाई दिए कि जाह्नवी की जिंदगी की सीमित कीमत थी और शहर को बस एक चेक लिख देना चाहिए. इस बयान के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई. भारत सरकार ने भी इस मामले में सही जांच की मांग की थी. बाद में डेनियल ऑडरर को भी नौकरी से हटा दिया गया था.
परिवार को राहत की उम्मीद
परिवार की वकील एरिका इवांस ने कहा कि जाह्नवी की मौत बेहद दुखद थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आर्थिक समझौता परिवार को कुछ हद तक राहत और सुकून देगा. उन्होंने कहा जाह्नवी की जिंदगी की अहमियत उनके परिवार, दोस्तों और पूरे समाज के लिए थी.
यह भी पढ़ें: 18 साल की ट्रांसजेंडर ने पहले घर में मां-भाई को ‘भूना’ फिर स्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग करके 6 और को मारा, दिल दहला देने वाली कहानी का सच!
