आज बांग्लादेश में चुनाव का दिन है, पूरे देश में वोटिंग चल रही है. लोग उम्मीद के साथ वोट डाल रहे हैं, लेकिन खुलना में सुबह ही एक दर्दनाक घटना ने सबको हिला दिया है. खुलना के आलिया मदरसा पोलिंग सेंटर में वोटिंग के दौरान BNP नेता महिफुज्जमान कोची की मौत हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंदर झड़प हुई थी. BNP ने धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ही कारण साफ होने की बात कही है. घटना से चुनावी माहौल में तनाव बढ़ गया है.

क्या हुआ पोलिंग बूथ के अंदर?
बांग्लादेश के खुलना में गुरुवार सुबह वोटिंग के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई. observerbd.com की रिपोर्ट के मुताबिक, खुलना आलिया मदरसा पोलिंग सेंटर के अंदर हुई झड़प के बाद BNP के वरिष्ठ नेता महिफुज्जमान कोची (58) की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कोची वोटिंग की स्थिति देखने के लिए पोलिंग बूथ के अंदर गए थे. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

9:30 बजे बढ़ा तनाव
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह करीब 9:30 बजे मतदान जारी था, तभी अचानक माहौल गर्म हो गया. कोची की जमात के एक नेता, जो उसी मदरसे के प्रिंसिपल भी हैं—एमडी अब्दुर रहीम सरदार—से कहासुनी हो गई. BNP नेताओं का आरोप है कि झड़प के दौरान कोची को धक्का दिया गया, जिससे वे गिर पड़े. गिरने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई.

Add Zee News as a Preferred Source

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कोची को तुरंत खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खबर फैलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में गुस्सा फैल गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

क्या कह रही है पुलिस?
खुलना मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “मौत की सही वजह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ होगी. अगर कोई औपचारिक शिकायत मिलती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.” पुलिस ने यह भी बताया कि पोलिंग सेंटर के CCTV फुटेज और गवाहों के बयान इकट्ठा किए जा रहे हैं.

क्या यह हत्या है?
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह सुनियोजित हमला था या झड़प के दौरान हुआ हादसा. BNP इसे राजनीतिक हमला बता रही है, जबकि प्रशासन जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहा है. अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी.