रूस-यूक्रेन युद्ध भले यूरोप में चल रहा हो, लेकिन उसका असर अब उत्तर कोरिया के भीतर भी दिखाई देने लगा है. राजधानी Pyongyang में सरकार ने एक नया आधुनिक हाउसिंग इलाका तैयार किया है. बताया जा रहा है कि यहां उन सैनिकों के परिवारों को बसाया जा रहा है, जो युद्ध के दौरान मारे गए या घायल हुए. राज्य मीडिया की तस्वीरों में देश के नेता Kim Jong Un नए इलाके का दौरा करते दिखे. इस दौरान उनकी बेटी Kim Ju Ae भी उनके साथ मौजूद रहीं, जिससे राजनीतिक संदेशों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

सैनिकों को बताया ‘देश के लिए कुर्बान युवा’
सरकारी रिपोर्ट्स के अनुसार किम ने सैनिकों को “मातृभूमि के लिए सब कुछ न्योछावर करने वाले युवा” बताया.उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी देखभाल करेगी. नए घरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम सिर्फ सम्मान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच असंतोष की आशंका को कम करने की कोशिश भी हो सकता है.

रूस के साथ मजबूत होती साझेदारी|
रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर कोरिया ने Russia को हथियार और सैनिक भेजकर Ukraine युद्ध में सहयोग किया है. माना जा रहा है कि इससे रूसी राष्ट्रपति Vladimir Putin और किम के बीच रणनीतिक रिश्ते और गहरे हुए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

6000 सैनिक हताहत होने का दावा
South Korea की खुफिया एजेंसी National Intelligence Service ने हाल ही में सांसदों को जानकारी देते हुए अनुमान जताया कि करीब 6,000 उत्तर कोरियाई सैनिक युद्ध में मारे गए या घायल हुए हैं.हालांकि उत्तर कोरिया ने आधिकारिक तौर पर इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है. एजेंसी का कहना है कि इस युद्ध से उत्तर कोरियाई सेना को आधुनिक युद्ध तकनीक और अनुभव मिल रहा है, जो भविष्य में उसकी सैन्य क्षमता बढ़ा सकता है.

पार्टी बैठक से पहले बड़ा राजनीतिक संकेत
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब देश में सत्तारूढ़ पार्टी की अहम बैठक होने वाली है.माना जा रहा है कि किम आने वाले वर्षों की नीति और सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े फैसले ले सकते हैं.