
England vs Italy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मैच में इटली का सामना इंग्लैंड से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मैच में कुल मिलाकर 380 रन बने, लेकिन एक गेंदबाज ने ऐसा दुर्लभ कारनामा किया, जिसके बारे में कल्पना भी नहीं की जा सकती है. जी हां, टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है, ऐसे में अगर कोई गेंदबाज टी20 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में आखिरी ओवर मेडन डाल दे और साथ ही दो विकेट भी चटकाए तो ये किसी चमत्कार से कम नहीं है. इटली के खिलाफ मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने ये अनोखा काम किया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली को आखिरी ओवर में 25 रन की दरकार थी. इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने जेमी ओवरटन के हाथ में गेंद थमाई और अनुभवी बॉलर ने उन्हें निराश नहीं किया. 20वें ओवर में ओवरटन ने एक रन भी नहीं दिए और साथ में दो विकेट भी झटके. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरी बार ये दुर्लभ कारनामा हुआ है.
जेमी ओवरटन ने किया दुर्लभ कारनामा
19 सालों के टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सिर्फ दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब किसी गेंदबाज ने आखिरी यानी 20वां ओवर मेडल फेंका हो. इससे पहले 2010 में पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर ने ये अनोखा काम किया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम ओवर में बिना रन दिए 3 विकेट चटकाए थे. वहीं, 16 साल बाद इंग्लैंड के जेमी ओवरटन ने भी इतिहास को दोहराया और 20वें ओवर में बिना रन खर्च किए दो सफलता हासिल की.
इटली को हराकर सुपर-8 में पहुंचा इंग्लैंड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की टीम ग्रुप स्टेज में संघर्ष करते दिखी है. नेपाल के खिलाफ भी वो जैसे-तैसे जीते और अब इटली ने भी उनकी सांसें रोक दी थी. खैर हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली टीम के लिए राहत की बात ये है कि इटली को हराने के बाद वो अगले राउंड यानी सुपर-8 में पहुंच गए हैं. इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए थे. इसके जवाब में इटली ने दम दिखाया और 178 रन बना दिए, लेकिन बड़ा उलटफेर करने से चूक गए.
ये भी पढ़ें: 240 की स्ट्राइक रेट से इतने रन.. इटली के बल्लेबाज ने इंग्लैंड को किया तहस-नहस, 25 गेंद में ही बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

