Pratika Rawal back in India squad: इन दिनों भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर जहां टी20 विश्व कप 2026 की धूम है, तो वहीं भारत की महिला टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई हुई है. पहले टी20 सीरीज हो रही है. फिर दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैच भी होने हैं. 24 फरवरी से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए गुड न्यूज मिली है, क्योंकि रनों की बारिश करने वाली एक स्टार बैटर टीम से जुड़ चुकी है. पूरे 4 महीने बाद उसकी वापसी हुई है. ये कोई और नहीं बल्कि दाएं हाथ की स्टार ओपनर प्रतिका रावल हैं, जो 2025 महिला विश्व कप के दौरान चोटिल हो गई थीं, लेकिन अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रही हैं.
बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज में बताया है कि प्रतिका ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैब सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. उन्हें अक्टूबर में विश्व कप के दौरान टखने में चोट लगी थी. यह चोट बांग्लादेश के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में फील्डिंग करते समय लगी थी. इसके बाद वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गईं और सेमीफाइनल से पहले उनकी जगह शैफाली वर्मा को टीम में शामिल किया गया था. तब से प्रतिका ने कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला था और लंबा रिहैब पूरा किया.
बैटिंग लाइनअप को मिली मजबूती
प्रतिका रावल के टीम में लौटने से भारत की बैटिंग लाइनअप को मजबूती मिली है. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने अपने डेब्यू के बाद से ही लगातार रनों की बारिश की है. यही वजह है कि उन्हें बीसीसीआई की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में भी जगह मिल चुकी है. इस खिलाड़ी को 2026 महिला प्रीमियर लीग (WPL) के लिए यूपी वॉरियर्स ने भी खरीदा था, हालांकि रिकवरी के चलते वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकीं. प्रतिका रावल भारत के लिए अभी सिर्फ वनडे खेली हैं, टी20 डेब्यू में उन्हें अब तक मौका नहीं मिला है.
प्रतिका रावल बना चुकी हैं 1110 रन
प्रतिका रावल ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. वह अब तक 24 वनडे की 23 पारियों में 50 से ज्यादा के औसत से 1110 रन जड़ चुकी हैं, जिसमें 2 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं. यह खिलाड़ी टीम इंडिया की नई रन मशीन बनकर उभरी है. मंधाना के साथ उन्होंने कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं.
24 तारीख को पहला वनडे
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज 24 फरवरी से ब्रिस्बेन में शुरू होगी. इसके बाद बाकी दो मुकाबले होबार्ट में खेले जाएंगे, जबकि एकमात्र टेस्ट मैच पर्थ में आयोजित होगा. टेस्ट में भी प्रतिका रावल का जलवा दिख सकता है.
ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), काश्वी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल और प्रतिका रावल.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Super 8 Scenario: ऑस्ट्रेलिया-जिम्बाब्वे छोड़िए…सुपर 8 में आयरलैंड मार सकती एंट्री, ये समीकरण उड़ा रहा सबके होश
