bun vendor sheikh shawali controversy: तेलंगाना के मुलुगु जिले में लगे मेडारम जातरा मेले में कोवा बन बेचने वाले एक फेरीवाले के साथ हुई बदसलूकी का मामला सामने आया है. आंध्र प्रदेश के नांदयाल जिले के वेलगोडे गांव के रहने वाले शेख शावली पिछले कई सालों से कोवा बन बेचने का काम कर रहे हैं. उनका कहना है कि उनके परिवार का यह पुराना व्यवसाय है और वे पिछले 10-12 साल से खुद भी यह काम कर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि अब तक किसी ग्राहक ने खाने की गुणवत्ता या सफाई को लेकर शिकायत नहीं की थी. मेले में भी शुरुआत के कुछ दिन उनका काम ठीक चल रहा था और ग्राहकों की अच्छी भीड़ मिल रही थी.
फूड जिहाद का आरोप
शावली के मुताबिक 28 जनवरी की शाम कुछ लोग उनके पास आए और खाने की क्वालिटी पर सवाल उठाने लगे. ये लोग खुद को यूट्यूबर बता रहे थे और वीडियो बना रहे थे. उन्होंने शावली पर फूड जिहाद जैसे आरोप लगाए और उनसे जबरन कोवा बन खाने को कहा है. इतना ही नहीं, उनसे आधार कार्ड दिखाने की भी मांग की गई है. इस दौरान शावली डर गए और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हुआ था. उनका कहना है कि वे इस तरह की स्थिति के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए कुछ समझ ही नहीं पाए और ठीक से जवाब भी नहीं दे सके.
शावली ने बताया कि उनकी मां घर पर ही कोवा बनाती हैं और वे बेकरी से ताजा बन लेकर उसमें कोवा भरकर बेचते हैं. यह स्नैक बच्चों और बड़ों में काफी लोकप्रिय है. उनका दावा है कि वे खुद भी वही बन खाते हैं और अब तक किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई. इस घटना के बाद उनकी पत्नी और बच्चे भी काफी परेशान हो गए. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कई लोगों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई.
नेताओं ने शावली को दी आर्थिक मदद
आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने भी शावली के समर्थन में बयान दिया. उन्होंने कहा कि ऐसी सांप्रदायिक और विभाजनकारी हरकतों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है. उन्होंने शावली से मिलने और उनके क़ोवा बन चखने की बात भी कही. इसके अलावा कुछ संगठनों और नेताओं ने शावली को आर्थिक मदद दी ताकि वे सुरक्षित महसूस करने तक काम से दूर रह सकें. शावली ने कहा कि वे कुछ दिनों में फिर से अपना काम शुरू करेंगे और उम्मीद करते हैं कि सब कुछ पहले जैसा सामान्य हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: बीएनपी की शानदार जीत से दक्षिण एशिया की भू-राजनीति कैसे बदल सकती है? भारत-चीन-पाक के लिए बांग्लादेश का क्या महत्व है?
