
आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण के अपने पहले मुकाबले में भारत का सामना रविवार को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका से होगा. यह मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस अहम मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव लगभग तय माना जा रहा है.भारतीय उप-कप्तान अक्षर पटेल की टीम में वापसी होगी. उन्हें इसी मैदान पर नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप ए के चौथे मैच में आराम दिया गया था. उनकी गैरमौजूदगी में स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को मौका मिला था. हालांकि, सुंदर को उस मैच में बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला और गेंदबाजी में भी वे चार ओवर डालने के बावजूद कोई विकेट हासिल नहीं कर सके.ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में अक्षर पटेल का वापस आना तय माना जा रहा है. लेकिन, बड़ा सवाल ये है कि विश्व कप में अभी तक खाता ना खोल पाने वाले अभिषेक शर्मा को मौका मिलेगा या नहीं?
पटेल की वापसी
मीडिया रिपोर्ट्स कि मानें तो सुंदर की जगह अक्षर पटेल को टीम में रखा जा सकता है. घरेलू क्रिकेट में गुजरात की ओर से खेलने वाले अक्षर पटेल को नरेंद्र मोदी स्टेडियम की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। इस मैदान पर उन्होंने काफी क्रिकेट खेली है, इसलिए अनुभव उनके पक्ष में रहेगा. अपने घरेलू दर्शकों के सामने वह यादगार प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे. ऐसे में टीम में उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
अभिषेक शर्मा ने बढ़ाई टेंशन
टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी समस्या सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का आउट ऑफ फॉर्म होना है. उनको लेकर स्थिति दिलचस्प बनी हुई है. आईसीसी टी20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे अभिषेक का टी20 विश्व कप में अब तक प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. उन्होंने तीन मैचों में तीन बार शून्य पर आउट होकर टीम को मुश्किल में डाला है.हालांकि उनके बाहर होने की संभावना बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन टीम प्रबंधन चाहें तो उन्हें एक मैच के लिए आराम देकर संजू सैमसन को मौका दे सकता है.
संजू या अभिषेक?
अभिषेक की तरह संजू सैमसन को भी 2026 में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में परेशानी हुई है, लेकिन 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने बल्ले से असर छोड़ा था. उस मैच में अभिषेक की गैरमौजूदगी में सैमसन ने मेजबान टीम के लिए पारी की शुरुआत की और सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बना डाले.क्रीज पर अपने छोटे से समय में केरल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने तीन छक्के और एक चौका जड़कर तेजी से रन बटोरे और टीम को तेज शुरुआत दिलाई. ऐसे में मैनजमेंट उन्हें भी टीम में रखने का सोच सकता है.हालांकि, देखना दिलचस्प होगा मैनेजमेंट किसे मौका देता है.
Super-8 मुकाबले में भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा/संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
ये भी पढ़ें: T20 WC 2026: ऐसा बल्लेबाज, जिसका नहीं कर पाया कोई अभी तक शिकार, टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा सरप्राइज

