News in Brief

Patna: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उर्वरक घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं राज्यसभा सदस्य अमरेंद्र धारी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी के बाद सुशील कुमार मोदी ने लालू प्रसाद यादव पर हमला बोला है. 

लालू पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के रासायनिक उर्वरक घोटाले में राजद के एक राज्यसभा सदस्य की गिरफ्तारी चौंकाने वाली नहीं, बल्कि एक बार फिर यह साबित करने वाली है कि लालू प्रसाद की राजनीति कभी भ्रष्टाचारियों, अपराधियों, बलात्कारियों और माफियों से मुक्त नहीं हो सकती. 

लालू पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे ट्वीट किया कि दूसरी तरफ जिस राजद के सांसद उर्वरक घोटाले में लिप्त पाए गए, वह पार्टी बिहार में बंद का आह्वान कर किसानों की हितैषी बनने का दिखावा करती रही. गरीब और किसान लालू प्रसाद का असली चेहरा देख रहे हैं.

उन्होंने आगे ट्वीट किया कि अन्नदाता किसानों को आयातित रासायनिक खाद सस्ती दर पर देने के लिए जो सब्सिडी दी जाती है, उसे बीच में हड़पने के लिए केंद्र की पिछली सरकार के समय से फर्जी कंपनियों के जरिये जो घोटाला चल रहा था, उसके प्रमाण मिलने पर राजद सांसद की गिरफ्तारी हुई.

मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन का वादा पूरा करने के लिए 800 करोड़ के फर्टिलाइजर स्कैम की जांच सीबीआई से करायी और अब ईडी ने जांच को आगे बढाया.  कानून अपना काम कर रहा है, लेकिन जिनकी पोल खुल रही है, वे छाती पीट रहे हैं. 

मोदी सरकार को लेकर आगे उन्होंने ट्वीट किया कि एनडीए सरकार ने पहले कार्यकाल में नीम लेपित यूरिया के जरिये इसकी कालाबाजारी रोकी, जिससे बिना उत्पादन बढाये किसानों को यूरिया की किल्लत से मुक्ति मिली. पिछले महीने मोदी सरकार ने रासायनिक उर्वरक पर सब्सिडी 140 फीसद बढा कर बड़ी राहत दी.