News in Brief

England team for 5th Ashes Test: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज सीरीज 2025-26 आखिरी पड़ाव पर है. सीरीज का 5वां यानी आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी में होगा. इंग्लैंड ने इस मैच के लिए टीम में कुछ अहम बदलाव किए हैं. 2 जनवरी को घोषित किए गए स्क्वाड में कुल 12 खिलाड़ियों को जगह मिली है. तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स और स्पिनर शोएब बशीर को एक साथ बुलाया गया है. गस एटकिंसन और जोफ्रा आर्चर जैसे तेज गेंदबाज चोट के चलते आखिरी टेस्ट से बाहर हैं.

आखिरी टेस्ट के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने 27 साल के तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स को बुलाया है. उन्हें प्लेइंग 11 में भी मौका मिलने की पूरी उम्मीद है. ऐसा पहली बार होगा कि वो एशेज में खेलेंगे. अपने करियर में वो 10 टेस्ट खेल चुके हैं, जिनमें 29.44 की औसत से 36 विकेट निकाले हैं. फर्स्टक्लास के 72 मैचों में उनके नाम 277 विकेट हैं. कप्तान स्टोक्स को भरोसा है कि ये खिलाड़ी गस एटिंकसन और आर्चर की गैरमौजूदगी में टीम को बढ़िया संतुलन देगा.

स्पिनर बशीर भी प्लेइंग 11 में आ सकते हैं

आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने युवा स्पिनर शोएब बशीर को भी स्क्वाड में शामिल किया है. इस सीरीज में वो एक भी मैच नहीं खेले, लेकिन सिचनी की पिच को देखते हुए उन्हें लाया गया है. उनके खेलने की संभावना भी काफी मजबूत है. ऐसा इसलिए क्योंकि सिडनी में स्पिन गेंदबाजों को अक्सर मदद मिलती है. चूंकि इंग्लैंड यह सीरीज 3-1 से गंवा चुका है, इसलिए वो जीत के साथ सीरीज का अंत करना चाहेगा.

सिडनी में कैसा है इंग्लैंड का रिकॉर्ड?

जिस सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर आखिरी टेस्ट होने जा रहा है वहां इंग्लैंड का टेस्ट रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है. इंग्लिश टीम ने यहां अब तक कुल 57 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 22 जीते, जबकि 27 हारे. 8 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए. आखिरी दफा इंग्लिश टीम को यहां 2011 में जीत मिली थी. अब कप्तान स्टोक्स पूरे 14 साल बाद यहां टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे.

सिडनी टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 12

बेन स्टोक्स (कप्तान). बेन डकेट, जैक क्रॉली, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, विल जैक्स, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), ब्रायडन कार्स, जोश टंग, मैथ्यू पॉट्स, शोएब बशीर.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 में नहीं दिखेंगे यह 5 खूंखार बल्लेबाज, कभी अकेले के दम पर जिताते थे मैच