News in Brief

Akshaye Khanna Dhurandhar: फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना की एंट्री से लेकर एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है. हर कोई उनके किरदार रहमान डकैत के बारे में ही बात कर रहे हैं, जिसमें में वे इस कदर ढल गए कि दर्शक सिर्फ उनके बारे में बात करने को मजबूर हो गए. कमाल की बात ये है कि जिस रोल ने आज उन्हें 2025 का सबसे खूंखार विलेन और जबरदस्त एक्टर बनाया है उसी फिल्म को करने से उन्होंने शुरुआत में मना कर दिया था. 

बहुत कम लोग जानते हैं कि अक्षय को इस फिल्म के लिए राजी करना आसान नहीं था. उन्होंने एक-दो बार नहीं कई बार इस फिल्म को करने से मना कर दिया था. जब कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने अक्षय को ‘धुरंधर’ का ऑफर दिया, तो उनका रिएक्शन काफी तीखा था. अक्षय ने गुस्से में कहा, ‘पागल हो गया है क्या?’ और मुकेश की क्लास लगा दी. दरअसल, अक्षय इस रोल को लेकर बिल्कुल भी एक्साइटेड नहीं थे और न ही करना चाहते थे.

अक्षय को पसंद नहीं था रहमान डकैत का किरदार

रहमान डकैत का किरदार उन्हें पहली नजर में पसंद नहीं आया था. वे अपने काम को लेकर हमेशा से काफी सिलेक्टिव रहे हैं, इसलिए किसी भी प्रोजेक्ट के लिए तुरंत हां नहीं कहते. अपने हालिया इंटरव्यू में मुकेश छाबड़ा ने बताया कि ‘धुरंधर’ की कास्टिंग उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी थी. रणवीर सिंह पहले ही फाइनल हो चुके थे और बाकी कलाकारों को चुनने की जिम्मेदारी मुकेश पर थी. उनके दिमाग में साफ था कि रहमान डकैत के रोल के लिए अक्षय खन्ना सबसे सही हैं. 

नए साल पर उत्तराखंड पहुंचे इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के डायरेक्टर, शेयर की 12 तस्वीरें, फैंस पूछ रहे एक ही सवाल- ‘पार्ट 2 कब आएगा?’

एक-दो नहीं कई बार किया रिजेक्ट 

जब उन्होंने मेकर्स के सामने अक्षय का नाम रखा, तो सभी को शक था कि वे इस फिल्म के लिए शायद ही मानेंगे, क्योंकि अक्षय कम ही फिल्में करते हैं. मुकेश ने हार नहीं मानी और अक्षय को मनाने की ठान ली. उन्होंने कहा, ‘मैंने मेकर्स से कहा कि अक्षय पाजी ये रोल करेंगे’. इसके बाद सभी इस बात पर राजी हो गए. हालांकि, अक्षय को मनाना आसान नहीं था. जब मुकेश ने उन्हें फोन किया, तो अक्षय ने पहले डांट दिया. फिर मुकेश ने उनसे कहा कि कम से कम एक बार पूरी बात सुन लें. 

4 घंटे की मुलाकात के बाद कहा था ‘हां’

काफी समझाने के बाद अक्षय मिलने के लिए तैयार हुए और यहीं से कहानी ने नया मोड़ लिया. मुकेश छाबड़ा के मुताबिक, अक्षय खन्ना उनसे और आदित्य धर से मिलने आए. उन्होंने करीब 4 घंटे तक पूरी कहानी ध्यान से सुनी. वो ज्यादा बोले नहीं, बस चुपचाप सुनते रहे. बातचीत खत्म होने के बाद अक्षय ने कहा, ‘अरे यार, ये तो बहुत अच्छा है’. इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘बहुत बढ़िया, यार. इसमें तो बहुत मजा आएगा’. यहीं पर अक्षय ने फिल्म के लिए हामी भर दी. 

दुनियाभर में सुनाई दे रहा ‘धुरंधर’ का नाम 

आज ‘धुरंधर’ की सक्सेस सबके सामने है. फिल्म ने सिर्फ 28 दिनों में भारत में करीब 739.8 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. वहीं, दुनिया भर में इसका कलेक्शन 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया. इस जबरदस्त कमाई के साथ ‘धुरंधर’ 2025 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई. अमेरिका और कनाडा में भी इसने रिकॉर्ड तोड़े और ‘पठान’ जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. अक्षय खन्ना की एक्टिंग इस सफलता की बड़ी वजह मानी जा रही है. इसका दूसरा पार्ट मार्च में रिलीज होगा.