
होबार्ट: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान टिम पेन (Tim Paine) ने बुधवार को कहा कि उनके गेंदबाजों ने कैमरन बेनक्रॉफ्ट के साथ गलतफहमी दूर कर ली है, जिन्होंने पिछले दिनों एक इंटरव्यू में संकेत दिया था कि केपटाउन टेस्ट के दौरान सभी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को गेंद से छेड़खानी मामले की जानकारी थी.
बेनक्रॉफ्ट की गलतफहमी दूर हो गई
पेन ने ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ से कहा, ‘बार-बार यह मसला उठने से वे आजिज आ चुके हैं, लेकिन उस टेस्ट का हिस्सा रहे सभी खिलाड़ियों को इससे गुजरना पड़ रहा है. अब सभी का मूड ठीक है. मुझे लगता है कि उन्होंने बेनक्रॉफ्ट से बात कर ली है और गलतफहमी दूर हो गई है. अब सभी को यहां से आगे बढ़ना चाहिए.’
बेनक्रॉफ्ट ने नए विवाद को जन्म दे दिया
पेन ने कहा ,‘हम सभी परिपक्व हैं और सभी ने एक दूसरे से संपर्क करके मामला सुलझा लिया है.’ इससे पहले पैट कमिंस समेत ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने कहा था कि 2018 के गेंद से छेड़खानी मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. इससे पहले घटना में शामिल रहे गेंदबाज कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने यह कहकर नए विवाद को जन्म दे दिया था कि बाकी गेंदबाजों को इसकी जानकारी थी.
ऑस्ट्रेलियाई बॉलरों ने दिया जॉइंट स्टेटमेंट
कमिंस, जोश हेजलवुड , मिशेल स्टार्क और नाथन लियोन उस सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल थे. उन्होंने एक संयुक्त बयान में कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी. उन्होंने अफवाहें फैलाने पर भी रोक लगाने की मांग की. बयान में कहा गया,‘हमें अपनी ईमानदारी पर गर्व है. यह निराशाजनक है कि 2018 के केपटाउन टेस्ट को लेकर कुछ पत्रकारों और पूर्व खिलाड़ियों ने हमारी ईमानदारी पर शक किया.’
चारों गेंदबाजों ने अफवाहों पर विराम लगाया
बयान में कहा गया,‘हम कुछ तथ्यों की जानकारी फिर देना चाहते हैं. हमें नहीं पता था कि मैदान पर कोई पदार्थ लाया गया है और गेंद से छेड़छाड़ की गई है. हमें बड़ी स्क्रीन पर तस्वीर देखने के बाद ही पता चला.’ चारों गेंदबाजों ने कहा कि उन्होंने सबक ले लिया है और अब इस मामले से आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा, ‘उस दिन मैदान पर जो भी हुआ, वह गलत था और नहीं होना चाहिए था. हम सभी ने सबक ले लिया है और हम चाहते हैं कि लोग आने वाले समय में हमारे अच्छे खेल और बर्ताव को लेकर याद रखें. अब अफवाहों पर विराम लगना चाहिए.’
