
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus in India) के नए मामलों और मौतों के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव जारी हैं. देशभर में पिछले 24 घंटे में 4200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है. कोरोना के चलते टीम इंडिया के एक और खिलाड़ी को अपने करीबी को खोना पड़ा है.
भारतीय क्रिकेट टीम के अभिनव मुकुंद (Abhinav Mukund) के दादा का कोरोना वायरस के चलते गुरुवार को निधन हो गया है.
अभिनव मुकुंद ने दादा को खोया
अभिनव मुकुंद (Abhinav Mukund) ने ट्वीट कर फैंस को इसकी जानकारी दी. मुकुंद ने ट्वीट किया, ‘मुझे भारी दुख के साथ ये बताना पड़ रहा है कि कोविड 19 के चलते मैंने अपने दादा टीके सुब्बाराव को खो दिया है. वो 95 साल के थे. कोरोना वायरस के चलते निधन से पहले तक उन्होंने अनुकरणीय रूटीन के साथ बेहद अनुशासित जीवन जीया. ओम शांति.
With great sadness, i would like to inform you all that i have lost my grandfather Mr. TK Subbarao to CoVid19. He was 95. A man known for his discipline and his exemplary routines,was otherwise hale and healthy till the virus took him away. Om Shanti!
— Abhinav mukund (@mukundabhinav) May 20, 2021
बता दें कि मुकुंद ने भारतीय टीम के लिए 7 टेस्ट में 22.85 के औसत से 320 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल रहे.
भुवनेश्वर कुमार ने अपने पिता को खोया
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. दरअसल, भुवनेश्वर कुमार के पिता किरनपाल सिंह का कैंसर के कारण निधन हो गया है. भुवनेश्वर कुमार के पिता 63 साल के थे. भुवनेश्वर कुमार के पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे. वह कैंसर से जूझ रहे थे, जिसके बाद गुरुवार को उनका निधन हो गया.
कोरोना के चलते इन खिलाड़ियों पर टूटा दुखों का पहाड़
भारतीय स्पिनर पीयूष चावला और रुद्र प्रताप सिंह के पिता का कोविड 19 की वजह से निधन हो गया. वहीं भारतीय महिला क्रिकेटर प्रिया पूनिया की मां कोरोना के चलते मौत हो गई. राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी चेतन साकरिया के पिता का भी निधन हो गया. इसके अलावा महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति की मां और बहन भी कोविड की जंग हार गए.
कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या फिर बढ़ी
वर्ल्डोमीटर के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 4209 मरीजों की मौत (Coronavirus Death) हुई है. इससे पहले गुरुवार (20 मई) को जारी आंकड़ों के अनुसार देशभर में 3874 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. वहीं 19 मई को देशभर में 4529 लोगों की मौत हुई थी, जो महामारी की शुरुआत से सबसे ज्यादा संख्या है.
