News in Brief

Patna: बिहार सरकार ने 1 जून तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है. लॉकडाउन की समय सीमा को बढ़ाये जाने पर पक्ष विपक्ष सभी ने सराहा है लेकिन लॉकडाउन की पूर्ण सफलता पर संदेह भी जताया है.

विपक्ष ने ग्रामीण स्तर पर जांच और टीकाकरण में हो रही लापरवाही को लॉकडाउन की सफलता में बड़ी बाधा बता दिया है. दरअसल, बिहार सरकार के ऐलान के बाद अब 1 जून तक बिहार में लॉकडाउन के हालात रहेंगे.

लोगों को एक जून तक संयम के साथ रहना होगा. संक्रमण में आ रही गिरावट के नतीजों से सरकार काफी उत्साहित है लेकिन सरकार जल्दबाजी में कोई जोखिम नहीं उठाना चाह रही. इसलिए लॉकडाउन की समय सीमा को थोड़ा बढ़ाया गया है. 

कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने सरकार के फैसले को सही बताया
ये पहला मौका है जब विपक्ष ने भी सरकार के फैसले को सही ठहराया है लेकिन लॉकडाउन की सफलता पर संदेह भी जताया है. कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा है कि लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला बिल्कुल सही है.उन्होंने कहा कि इसके सार्थक नतीजे तब आएंगे जब गांव स्तर पर आरटी पीसीआर टेस्ट होंगे और सभी लोगों को वैक्सीन की सुविधा उपलब्ध होगी. अन्यथा ऐसे लॉकडाउन का कोई मतलब नहीं रह जाएगा.

राजद प्रवक्ता ने कहा कि देर से लिया गया सही फैसला
वहीं, आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि सरकार का देर से लिया गया सही फैसला है. राजद प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी जी ने काफी पहले सरकार को लॉकडाउन की सलाह दी थी. अगर उस वक़्त सरकार ने बात मान ली होती तो आज कई जाने बच जाती लेकिन अब सरकार को लॉकडान के साथ गरीबों का भी ख्याल रखना होगा. कहीं कोई गरीब भूखा न मर जाए.

ये भी पढ़ें- धनबाद: ब्लैक के बाद अब व्हाइट फंगस ने दी दस्तक, डॉक्टर बोले-पैनिक होने की जरूरत नहीं

सरकार के फैसले सत्ताधारी दलों ने मोर्चा संभाला
बीजेपी प्रवक्ता राम सागर सिंह ने कहा है कि सरकार ने बिलकुल सही समय मे लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है. सरकार ने मजदूरों के घर वापस लौटने के बाद ये फैसला लिया. मजदूरों के खाते में 3 हजार रुपये डाले गए. तेजस्वी क्षुद्र राजनीति करने की बजाय कोरोना से लड़ाई में सरकार की मदद करें. जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा है कि विपक्ष जितना भी नकारात्मक रवैया अपनाए कोई फर्क नही पड़ता. सरकार अब गांवों तक Rt Pcr टेस्ट करा रही है.