
Patna: कोरोना जैसी महामारी से पूरे विश्व में आतंक का मौहाल व्याप्त हो गया है. भारत मे भी कोरोना की इस दूसरी लहर ने जबरदस्त तबाही मचा दी है. हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है. कहीं किसी के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है तो कहीं मां बाप अपने जवान खून को अपनी आंखों के सामने मरता देख रहे हैं.
ऐसे में बिहार से राहत देने वाली खबर सामने आई है. यहां कोरोना वायरस के नए मामलों में बीते एक-दो दिनों से कमी देखी जा रही है. आंकड़ों के अनुसार, यहां पहली बार 1 दिन में 10 हजार से कम नए कोरोना केस मिले हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 9,863 लोग कोरोना से पॉजिटिव मिले. जबकि पटना समेत 6 जिले ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं. जारी आंकड़ों के अनुसार पटना में कोरोना के 977, नालंदा में 523, मुजफ्फरपुर में 506, समस्तीपुर में 487, कटिहार में 478, और बेगूसराय में 409 एक्टिव केस पाए गए हैं. जबकि इस दौरान 1 लाख 11 हजार 740 टेस्ट हुए हैं.
बता दें कि बिहार सरकार संक्रमण की चेन को तोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है. इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन के साथ बुधवार को हुई वर्चुअल मीटिंग में मंगल पांडेय ने बिहार में ऑक्सीजन कोटा को बढ़ाने के लिए आग्रह किया है.
ये भी पढ़ें: केंद्र से फिर मिले 5 लीटर के 92 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर: मंगल पांडेय
मंगल पांडेय ने राज्यवासियों से अपील कर कहा कि वे लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें ताकि कोरोना को भगाने में सरकार को सफलता मिल सके और सही समय पर कोरोना टीके की दूसरी डोज भी लें, ताकि शरीर में कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बन सके.
