

Patna: कोरोना से बचने के लिए बिहार में 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है. लेकिन यहां पिछले कुछ दिनों से टीकाकरण बंद हैं. इससे पहले भी कोरोना वैक्सीन की कमी की वजह से टीकाकरण रुक गया था.
वहीं, इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का कहना है कि ‘दो से तीन दिनों में टीके की आपूर्ति हो जाएगी. अभी 45 साल से ऊपर के लोगों को टीका दिया जा रहा है.’ स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘लोगों में दूसरी डोज को लेकर रुझान कम दिख रहा है. ऐसे में मैं लोगों से अपील करूंगा कि वह दूसरा डोस जरूर लें.’
मंगल पांडे ने कहा कि ‘देश में 15 जून के बाद बड़े पैमाने पर टिके का उत्पादन होगा. जिसके चलते जुलाई महीने तक टीके की किल्लत दूर हो जाएगी. इसके साथ ही सरकार द्वारा साल के अंत तक देश में सभी लोगों को टीका उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है.’
ये भी पढ़ें- कोरोना काल में बिहार सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ, अनाथ बच्चों को मिलेंगे 1500 रुपए प्रति माह
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश के सभी राज्यों को आदेश जारी कर कहा है कि 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाए. आदेश के 3 दिन बाद भी बिहार में यह सिस्टम लागू नहीं हो पाया है. बिहार में 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए पहले रजिस्ट्रेशन और स्लॉट बुकिंग बड़ी चुनौती है.
इसके बाद अब वैक्सीन की कमी ने लोगों का सिरदर्द और ज्यादा बढ़ा दिया है. केंद्र के आदेश के बाद अभी तक बिहार सरकार ने इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया है.
इधर, इस मुद्दे को लेकर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की कहना है कि राज्य में इस समय वैक्सीन की कमी है. ऐसे में 18 साल से 45 साल के लोगों के लिए ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन का काम रुका है. सरकार जल्द राज्य में वैक्सीन की कमी को पूरा कर देगी.

