News in Brief

Patna: विश्व तंबाकू निषेध दिवस आज यानि 31 मई को मनाया जा रहा है. ऐसे में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर राज्यवासियों से अपील की है कि कोरोना से अगर मुक्ति चाहिये तो तंबाकू से तौबा करनी होगी. तंबाकू सेवन करने वालों में थूकने की प्रवृति होती है, जिससे कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना अधिक बनी रहती है. 

 वैज्ञानिकों के अनुसार तंबाकू सेवन से कोरोना का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है इसलिए युवाओं एवं बच्चों को तंबाकू सेवन के कुप्रभाव के प्रति सचेत एवं जागरूक कर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें. उन्होंने आगे कहा कि राज्य को तंबाकू मुक्त करने की दिशा में सरकार का प्रयास सफल हो सके. 

तंबाकू का करें त्याग 

मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इस बार विश्व तंबाकू निषेध दिवस का थीम कमिट टू क्विट (तंबाकू सेवन का त्याग) है. पिछले 8 वर्षों में सरकार के अथक प्रयास से बिहार तंबाकू सेवन करने वालों का प्रतिशत 53.5 फीसदी से घटकर 25.9 फीसदी हो गया है. इसमें से 23.5 फीसदी लोग चबाने वाले तंबाकू जैसे जर्दा, खैनी, गुटका या पानमसाला का सेवन करते है.

उन्होंने आगे कहा कि देश में प्रतिवर्ष 13 से 15 लाख लोगों की मृत्यु का कारण तंबाकू का सेवन करना है. 90 प्रतिशत मुंह के कैंसर का कारण चबाने वाला तंबाकू है. 

तंबाकू विमुक्ति केंद्र सभी जिलों में              

विमुक्ति केंद्र को लेकर बात करते हुए उन्होंने कहा कि  तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभाव से बचाव हेतु बिहार के सभी जिला अस्पतालों में सरकार द्वारा तंबाकू विमुक्ति केंद्र (टीसीसी) की स्थापना की गई है, जहां तंबाकू छोड़ने हेतु सलाह एवं दवाई मुफ्त दी जाती है. 

ये भी पढ़ें- बिहार: अकेले में मिले जीतन राम मांझी व मुकेश सहनी, राज्य में सियासत हुई तेज

जानकारी देते हुए उन्होंने आगे कहा कि तंबाकू विमुक्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी हेतु लोग टॉल फ्री नंबर 1800 112 356 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा तंबाकू के खिलाफ लोगों को सचेत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता फैलाने का काम लगातार जारी है.