News in Brief

Jaipur : राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा ने विरोध जताया है. बीजेपी महिला मोर्चा (BJP Mahila Morcha) की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में अलग-अलग जगह विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कई जगह पर प्रशासन को ज्ञापन सौपे गए तो कई जगह कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ पर रिबिन तो कहीं घर के बाहर काला कपड़ा बांधकर विरोध जताया. 

बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने सरकार (Rajasthan Government) को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने महिला अपराधों में कमी के लिए विशेष प्रयास नहीं किए और प्रदेश में कानून व्यवस्था के हालात नहीं सुधरे, तो महिला मोर्चा राज्य सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगा.

वहीं, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा (Suman Sharma) ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि गृहमंत्री को विभाग पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अगर पुलिस को सख्ती से निर्देश देंगे तो राजस्थान की पुलिस इस तरह की घटनाओं और अपराध को रोकने में सक्षम है. 

सुमन शर्मा ने कहा कि महिला सांसद पर हमला होना, राजधानी में एक गर्भवती के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप हो जान और पुलिसकर्मी द्वारा ही एक महिला का शोषण करने जैसी घटनाएं झकझोर कर रख देने वाली हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत महिला सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए.