News in Brief

Jaipur : राजस्थान प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से रिक्त जिलाध्यक्षों के पदों को भरने की कवायद शुरू हो गई है. कांग्रेस आलाकमान ने एक बार फिर नए सिरे से जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के लिए नाम मांगे हैं, लेकिन इसी बीच सबसे ज्यादा नजर जयपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर है. राजधानी होने के चलते जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (Jaipur Congress President) के पद को काफी प्रभावशाली माना जाता है. यही वजह है कि जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अभी से ही लॉबिंग शुरू हो गई है. 

यह भी पढ़ें- पिघलने लगी मंत्री Harish Chaudhary और MLA Hemaram Chaudhary के बीच जमी सियासी बर्फ!

कांग्रेस (Congress) के एक दर्जन नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के लिए दौड़-धूप तेज कर दी है. जयपुर शहर जिलाध्यक्ष के पद को लेकर प्रदेश नेतृत्व से लेकर दिल्ली दरबार तक नेताओं की ओर से लॉबिंग की जा रही है. जयपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अल्पसंख्यक, ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत, और ओबीसी वर्ग के नेता लॉबिंग में जुटे हुए हैं और अपने समर्थक नेताओं के जरिए लॉबिंग कर रहे हैं. हालांकि जयपुर शहर (Jaipur News) में दो जिलाध्यक्ष बनाए जाने की मांग ने भी जोर पकड़ा हुआ है, लेकिन दो जिलाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना कम ही है. सूत्रों की माने तो प्रदेश के 39 जिलाध्यक्षों की घोषणा 15 जून के बाद हो सकती है.

जो नेता जयपुर शहर अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं उनमें एक विधायक, तीन विधानसभा प्रत्याशी और लोकसभा प्रत्याशी रहे नेता भी शामिल हैं. अल्पसंख्यक वर्ग से वैसे तो कई नेता जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं लेकिन आदर्श नगर से विधायक रफीक खान (MLA Rafiq Khan) को जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. अगर जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद अल्पसंख्यक कोटे में जाता है तो रफीक खान (MLA Rafiq Khan) का नंबर लग सकता है. हालांकि कांग्रेस पार्टी के एक बड़े नेता रफीक खान के विरोध में बताए जाते हैं. महापौर चुनाव में अल्पसंख्यक वर्ग की नाराजगी के बाद इस मांग ने जोर पकड़ा था.

दूसरी ओर ब्राह्मण वर्ग से भी कई चेहरे अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं लेकिन इनमें पूर्व मीडिया चेयरपर्सन अर्चना शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आर.आर तिवाड़ी कांग्रेस के युवा नेता राजपाल शर्मा और सांगानेर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे पुष्पेंद्र भारद्वाज प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. वैश्य वर्ग से विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी रहे सीताराम अग्रवाल, पूर्व महामंत्री गिरिराज गर्ग और जयपुर शहर लोकसभा प्रत्याशी रही ज्योति खंडेलवाल जयपुर जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल है. विधानसभा चुनाव हार चुके सीताराम अग्रवाल को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बेहद करीबी माना जाता है और इसी के चलते हुए जयपुर जिला अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हुए हैं. 

राजपूत वर्ग से प्रदेश कांग्रेस के सचिव महेंद्र सिंह खेड़ी जिलाध्यक्ष बनने के लिए लॉबिंग कर रहे हैं. महेंद्र सिंह खेड़ी को पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का करीबी माना जाता है. खेड़ी एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, सेवादल में काम करते हुए प्रदेश कांग्रेस के सचिव बने हैं और अब जयपुर जिलाध्यक्ष पद के लिए लगातार लॉबिंग में जुटे हैं. इस बार जयपुर शहर जिलाध्यक्ष पद को लेकर ओबीसी नेताओं ने भी जोर लगाया हुआ है. ओबीसी वर्ग से जुड़े नेताओं में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव और वरिष्ठ कांग्रेसी ओम राजोरिया, जयपुर शहर के निवर्तमान प्रवक्ता विमल यादव और कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सैन जिलाध्यक्ष पद के लिए लॉबिंग कर रहे हैं. ओबीसी वर्ग से जुड़े नेताओं की माने तो जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आज तक ओबीसी वर्ग से कोई अध्यक्ष नहीं बनाया गया, ऐसे में इस बार ओबीसी वर्ग को अहमियत दी जाए. इसी मांग को लेकर ओबीसी नेता दिल्ली तक दौड़ लगा चुके हैं.

यह भी पढ़ें- Jaipur: मंदिरों में पूजा के दौरान बंद करवाए गए ‘लाउडस्पीकर’, अब मामले ने पकड़ी तूल