News in Brief

Jaipur/Delhi: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 के कारण जिन घरों में माता-पिता या परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु हो गई है, उन बच्चों की मदद करना और शिक्षा में सहयोग करना सभी का सामाजिक उत्तरदायित्व है. लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोटा के स्कूल संचालकों से संवाद के दौरान यह बात कही.

लोकसभा अध्यक्ष कार्यालय के बयान के अनुसार, बिरला ने कहा कि कोविड के कारण जिन घरों में माता-पिता या परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु हो गई है, उनमें सबसे अधिक प्रभाव बच्चों पर पड़ा है तथा अब उनके भविष्य पर एक प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा, ‘ऐसे परिवारों को हमारे संबल की जरूरत है. यह हमारा सामाजिक उत्तरदायित्व है कि हम सब ऐसे बच्चों की मदद के लिए आएं, उनका भविष्य संवारने के लिए अपना योगदान दें.’

ये भी पढ़ें-जनहित के कार्यों में छात्र संगठन भी पीछे नहीं, 2 महीनों से NSUI कर रहा लोगों की मदद

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाजसेवी संगठनों को आगे आकर ऐसे बच्चों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. वे बच्चों के साथ भावनात्मक रिश्ता स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हो. उन्होंने कहा, ‘यह भी देखने की जरूरत है कि हम ऐसे बच्चों के भविष्य को संवार कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाएं जो देश के नवनिर्माण में सक्रिय और सकारात्मक योगदान दे.’

बिरला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान स्कूल संचालकों और कोचिंग प्रबंधकों से भी ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आने की अपील की. लोकसभा अध्यक्ष ने उनसे आग्रह किया कि वे ऐसे बच्चों को निशुल्क शिक्षा देकर उनके जीवन को एक नई दिशा दें. उन्होंने स्कूल संचालकों से कहा कि यदि उनके स्कूल में ऐसा कोई बच्चा पढ़ता है तो बिना फीस लिए उसको पढ़ाई जारी रखने की अनुमति दें. उन्होंने कहा, ‘यदि फीस को लेकर उन्हें कोई परेशानी है तो बताएं, फीस की व्यवस्था कर दी जाएगी.’

ये भी पढ़ें-Rajasthan: Lockdown में जरूरतमदों की रोजी-रोटी पर संकट, निगम पार्षदों ने लिखा पत्र

(इनपुट-भाषा)