
Dholpur: धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के एनएच-123 पर बीती रात ओढेला गांव के पास प्रतिबंधित चंबल बजरी से भरा हुआ ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चालक भी नीचे दब गया. इसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली में भयानक आग लग गई.
हादसे को देख स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी. लेकिन दमकल गाड़ी पहुंचने से पूर्व ही चालक जिंदा जल गया. पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. मृतक के शव का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, बीती रात प्रतिबंधित चंबल बजरी का परिवहन कर करीब तेज रफ्तार तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों का काफिला एनएच-123 पर भरतपुर की तरफ तेज जा रहा था. ट्रैक्टर चालक काफी तेज रफ्तार में ड्राइव कर रहा था. लेकिन ओढेला गांव के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक से संतुलन बिगड़ गया और बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया. इसके नीचे ट्रैक्टर चालक शिशुपाल गुर्जर दब गया.
ट्रैक्टर ट्रॉली पलटते ही उसमें आग लग गई. ट्रैक्टर की डीजल की टंकी से रिसाव होने पर आग ने बड़ा रूप ले लिया और पल भर में गाड़ी ही आग की चपेट में आ गई. वहीं, दुर्घटना को देख स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. उन्होंने हादसे की सूचना स्थानीय सदर थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी. लेकिन दमकल गाड़ी के पहुंचने से पूर्व ही चालक जिंदा जल गया.
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया. पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. जिसके शव का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा. जानकारी के अनुसार, युवक अपनी बहन की ससुराल मोरोली गांव रहकर बजरी परिवहन का काम करता था. जिसकी बीती रात ट्रैक्टर ट्रॉली में हुए आग हादसे में जलकर दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
(इनपुट-भानु शर्मा)
