
Jhunjhunu: जिले के चिड़ावा कस्बे में समाजसेवी और भामाशाह हिम्मतरामका परिवार ने ऑक्सीजन की मारामारी के बीच 10 बड़े सिलेंडर प्रशासन को सुपुर्द किए हैं. जिला कलेक्टर यूडी खान के जरिए रेलवे स्टेशन स्थित अपने गोदाम से ये ऑक्सीजन सिलेंडर सीएचसी चिड़ावा को सौंपे गए.
इस मौके पर जिला कलेक्टर यूडी खान ने झंडीप्रसाद हिम्मतरामका और उनके परिवार द्वारा दिए गए इस योगदान की प्रशंसा की और कहा कि झुंझुनूं के भामाशाहों द्वारा लगातार सहयोग दिया जा रहा है, जिससे प्रशासन को कोरोना पर काबू पाने में सहयोग मिल रहा है.
ये भी पढ़ें-दोस्तों की टीम ने बनाई Covid Relief Society, 10 दिन में जुटाए 20 Oxygen Concentrator
उन्होंने कहा कि ना केवल स्थानीय बल्कि प्रवासी और एनआरआई भी लगातार मदद भेज रहे हैं. वहीं, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष झंडीप्रसाद हिम्मतरामका ने बताया कि उनके भांजे दिल्ली के युवा उद्यमी गौरव अग्रवाल के सहयोग से ये आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हो सके हैं. आगे भी उनका परिवार प्रशासन की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगा.
इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर भी पहुंचे. उन्होंने झंडीप्रसाद हिम्मतरामका परिवार द्वारा दी गई मदद पर आभार जताया और कहा कि परिवार ने इससे पहले भी चिड़ावा सीएचसी में सुविधाओं के विस्तार के लिए मदद दी थी. आशा है आगे भी मदद देते रहेंगे.
ये भी पढ़ें-Bhilwara: राजनीति का शिकार हुआ कोविड केयर सेंटर, जनता बोली-ऐसे जीतेंगे कोरोना से जंग?
इस मौके पर चेयरमैन सुमित्रा सैनी तथा झंडीप्रसाद हिम्मतरामका ने सीएमएचओ से चिड़ावा की चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा की. उन्होंने चिड़ावा में 50 बेड का कोविड केयर सेंटर सीएचसी से अलग और बनाने की मांग रखी. जिस पर सीएमएचओ ने इस दिशा में कदम उठाने का आश्वासन दिया.
वहीं, जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन स्टाफ उपलब्ध करवा देगा. इसके अलावा कोई भामाशाह आकर संपूर्ण व्यवस्था करना चाहे तो उसका स्वागत है. चिड़ावा के भामाशाह और समाजसेवी स्व. चिरंजीलाल हिम्मतरामका परिवार ने इससे पहले चिड़ावा सीएचसी में दो वार्डों को गोद लेकर लाखों रुपए खर्च किए थे. इन पैसों से दो वार्ड, एक लेबर रूम तैयार कर वाटर कूलर भेंट सहित अन्य संसाधन दिए गए थे. जिसके बारे में भी जिला कलेक्टर व सीएमएचओ को बताया.
उन्होंने बताया कि यदि अस्पताल को और भी कोई आवश्यकता होगी तो वो हमेशा तैयार रहेंगे. साथ ही झंडीप्रसाद हिम्मतरामका ने बताया कि यदि कोई और लोग सहयोग करें या फिर किसी को कोविड केयर सेंटर संचालन में जगह की आवश्यकता की दरकार है तो वो अपनी जगह देने को तैयार है. साथ ही जो भी उनसे बन सकेगा, वो भी मदद करेंगे.
(इनपुट-संदीप केड़िया)
