
Gaya: गया जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा थाना क्षेत्र के महुराव गांव के रहने वाले भाकपा माओवादी के सक्रिय नक्सली नेता गौतम पासवान के भाई 52 वर्षीय छोटू पासवान की सुबह-सुबह बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और नक्सली नेता के भाई के ऊपर तबातोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया.
इस तबातोड़ फायरिंग में नक्सली नेता के भाई छोटू पासवान को 3 गोली लगी.
गोली लगते ही नक्सली नेता के भाई छोटू पासवान की मौत हो गई. मृतक छोटू पासवान छकरबंधा पंचायत के पूर्वपंचायत समिति सदस्य था. वहीं, इसके भाई गौतम पासवान एमसीसी नक्सली संगठन में सक्रिय सदस्य है.
ये भी पढ़ें- बिहार: अकेले में मिले जीतन राम मांझी व मुकेश सहनी, राज्य में सियासत हुई तेज
गोलीबारी की घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने डुमरिया पटना स्टेट हाईवे 69 को जाम कर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने कई राहगीरों के साथ मारपीट भी की है. घटना की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंची है. वहीं पुलिस सड़क जाम व हंगामा को शांत कराने में जुटी है.
इस घटना के सम्बंध में गया एसएसपी आदित्य कुमार ने बताया कि घटना पारिवारिक जमीनी विवाद से जुड़ा है. मृतक के परिजनों के फर्द बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
(इनपुट- जय प्रकाश कुमार)
