News in Brief

IND vs NZ 1st T20I: भारत की टी20 टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं. आज जब वो नागपुर में पहला टी20 मैच खेलने उतरेंगे तो उनके निशाने पर विराट कोहली का एक धांसू रिकॉर्ड रहने वाला है. अगर अभिषेक अपनी लय में दिखे और उनका बल्ला चल गया तो यह रिकॉर्ड टूटना तय माना जा रहा है. 25 साल के अभिषेक शर्मा तूफानी अंदाज में बैटिंग के लिए मशहूर हैं. घरेलू हो या फिर इंटरनेशनल क्रिकेट, अभिषेक चौके-छक्कों की बारिश करने के लिए पहचाने जाते हैं. इसी तूफानी बैटिंग के दम पर वो उस खास रिकॉर्ड की दहलीज पर आ खड़े हुए हैं, जिसे बनाने में विराट कोहली ने खूब मेहनत की थी.

विराट कोहली के जिस धांसू रिकॉर्ड की बात यहां हो रही है, वो टी20 क्रिकेट करियर में सबसे तेज 5000 रन पूरे करने का है. कोहली ने 167 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था. अब अभिषेक, कोहली से 2 पारियां पहले ही इस मुकाम को हासिल कर सकते हैं. वो अब तक 164 पारियों में 4918 रन बना चुके हैं. आज नागपुर में होने वाले पहले टी20 में अगर उन्होंने 82 रन बना दिए तो कोहली का यह धांसू रिकॉर्ड टूट जाएगा और अभिषेक भारत के लिए सबसे तेज 5000 टी20 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.

क्यों खास खिलाड़ी हैं अभिषेक शर्मा?

अभिषेक शर्मा इस वक्त टी20 क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज हैं. वो तेज शुरुआत दिलाने के लिए पहचाने जाते हैं. पहली गेंद से बाउंड्री लगाना उनकी आदत बन चुकी है. इस खिलाड़ी को आईपीएल से पहचान मिली थी, फिर टीम इंडिया तक का सफर तय किया. अब वो टीम के सबसे मजबूत ओपनर बन चुके हैं. टी20 विश्व कप 2026 के लिए वो भारत के मजबूत हथियार माने जा रहे हैं. अभिषेक ने टी20 करियर में अब तक 168 मैच खेलकर 8 शतक और 28 फिफ्टी के दम पर 4918 रन बनाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

नंबर 1 पर कौन सा खिलाड़ी?

भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड विकेटकीपर बैटर केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने सबसे कम 143 पारियों में यह करिश्मा कर दिखाया, जबकि दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 154 पारियां ली थीं. अगर पूरी दुनिया की बात करें तो नंबर 1 पर क्रिस गेल हैं, जो सालों तक वेस्टइंडीज के लिए विस्फोटक ओपनर रहे. उन्होंने सिर्फ 132 पारियों में यह रिकॉर्ड बना दिया था. गेल का यह रिकॉर्ड टूटना बेहद मुश्किल माना जाता है.

ये भी पढ़ें:  BCCI New Central Contract: शमी समेत इन 4 खिलाड़ियों को झटका, सुंदर-तिलक को प्रमोट करने की तैयारी, देखिए 31 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट