KKR probable explosive opening pair: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का मंच सच चुका है. तीन बार की चैंपियन केकेआर चौथा खिताब जीतने के लिए पूरी तैयारी कर चुकी है. 16 दिसंबर को आबु धावी में हुए मिनी ऑक्शन में उसका जलवा दिखा. सबसे बड़े पर्स यानी 64 करोड़ के साथ वो नीलामी में गई और उसने तमाम स्टार खिलाड़ी खरीद डाले. विदेशी खिलाड़ियों पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया और एक मजबूत स्क्वाड तैयार कर लिया. केकेआर ने 25.20 करोड़ कैमरून ग्रीन, जबकि 18 करोड़ मथीसा पथिराना पर खर्च किए. उसने कुल 13 खिलाड़ियों को खरीदा. नीलामी में केकेआर के हाथ 2 खूंखार बल्लेबाज लग गए हैं, जिन्हें ये टीम अगले साल अगर ओपनिंग जोड़ी के तौर पर उतारती है तो गर्दा उड़ना तय है.
केकेआर के हाथ लगे 2 खूंखार खिलाड़ी टी20 के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार हैं, जो पहली गेंद से छक्के ठोकने के लिए पहचाने जाते हैं. यहां हम केकेआर की बेस्ट प्लेइंग 11, संभावित ओपनिंग जोड़ी और पूरा स्क्वाड भी देखेंगे.
केकेआर के जिन 2 नए खिलाड़ियों की बात हो रही है, वो कोई और नहीं बल्कि कैमरून ग्रीन और फिन एलेन हैं. ग्रीन जहां ऑस्ट्रेलिया से आते हैं, तो वहीं फिन कीवी प्लेयर हैं, जो न्यूजीलैंड के लिए ओपनिंग कर चुके हैं. केकेआर ने अगर इन दोनों को ओपनिंग जोड़ी के तौर पर उतार दिया, तो न सिर्फ टीम को तेज शुरुआत मिलेगी बल्कि दोनों मैच जिताने की काबिलियत भी रखते हैं. दोनों के पास पहली गेंद से छक्के लगाने की क्षमता है. गेंदबाजों की लाइन लेंथ खराब करते हैं. बेखौफ अंदाज है. लंबी पारी भी खेल सकते हैं.
1. कैमरून ग्रीन
सबसे पहले बात करते हैं कैमरून ग्रीन की, जो टी20 में मैच विनर ऑलराउंडर के तौर पर नाम कमा चुके हैं. 26 साल का ये खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के 63 मैचों में 151.07 के स्ट्राइक रेट से 1334 रन बना चुका है. 1 शतक और 8 फिफ्टी भी लगा चुके हैं. गेंद से 28 विकेट भी झटके हैं. आईपीएल में पहले मुंबई इंडियंस के लिए वो कई मैच विनिंग इनिंग खेल चुके हैं. ग्रीन जब भी फॉर्म में होते हैं, तो अकेले के दम पर मैच जिताते हैं. यही वजह है कि केकेआर ने उन पर 25.20 करोड़ लुटाए हैं.
2. फिन एलेन
26 साल के फिन एलेन भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हो चुके हैं. दुनिया भर की टी20 लीग खेलते हैं. न्यूजीलैंड के लिए टी20 में घातक ओपनर हैं. इस खिलाड़ी को टी20 के 163 मैचों का अनुभव है. वो 174.40 के दमदार स्ट्राइक रेट से 4510 रन बना चुके हैं. बल्ले से 4 शतक और 30 फिफ्टी भी निकली हैं. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का बैट फ्लो जबरदस्त है. वो पावरप्ले में खुलकर बैटिंग करते हैं, बिना इस बात की चिंता किए कि वो जल्दी आउट हो सकते हैं. अगर ये खिलाड़ी पहले 6 ओवर भी खेल गया, तो टीम को 80 रन पार करा सकता है.
IPL 2026 में केकेआर की बेस्ट प्लेइंग 11 कैसी होगी?
ग्रीन और फिन एलेन इसलिए भी ओपनिंग कर सकते हैं क्योंकि कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर साफ कर चुके हैं कि कैमरून ग्रीन टॉप-3 में खेलेंगे. सुनील नरेन नीचे खेलेंगे. मतलब ये कि उन्होंने नई ओपनिंग जोड़ी के संकेत दिए थे. अगर ग्रीन और फिन ओपन करते हैं, तो फिर नंबर तीन पर अंगकृष रघुवंशी खेल सकते हैं. चौथे पर पिछले सीजन के कप्तान अजिंक्य रहाणे नजर आ सकते हैं. रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह और अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ियों के प्लेइंग 11 में शामिल होने की उम्मीद है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग 11
कैमरून ग्रीन, फिन एलेन, अंगकृष रघुवंशी, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, मथीशा पथिराना, इम्पैक्ट प्लेयर- वैभव अरोड़ा
IPL 2026 के कोलकाता नाइट राइडर्स का पूरा स्क्वाड
अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, मनीष पांडे, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कैमरून ग्रीन, फिन एलेन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, मुस्ताफिजुर रहमान, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रविंद्र, आकाश दीप.
ये भी पढ़ें: India Cricket Schedule: 20 दिन बाद मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया… वडोदरा में होगी चौके-छक्कों की बारिश, देखिए 8 मैचों का पूरा शेड्यूल
