News in Brief

Jaipur: राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा है कि ऑक्सीजन को कमी के मद्देनजर 11 मई तक RMSCL को पांच और 10 लीटर प्रति मिनट क्षमता के कुल 1670 ऑक्सीजन सांद्रक प्राप्त हो चुके हैं और शेष भी जल्दी पहुंच जाएंगे.

डॉ शर्मा ने कहा कि प्राप्त ऑक्सीजन सांद्रकों में से वैश्विक ईओआई के माध्यम से 740, निविदा के माध्यम से 285 एवं विभिन्न दानदाताओ से 645 ऑक्सीजन सांद्रक प्राप्त हुए हैं. उन्होंने बताया कि सीआईआई (CII) संगठन द्वारा भी 46 ऑक्सीजन सांद्रक एवं पांच हजार एन-95 मास्क भी सहयोग के रूप में प्राप्त हुए हैं तथा विभिन्न जिलों को आवश्यकतानुसार 1230 ऑक्सीजन सांद्रकों की आपूर्ति की जा चुकी है.

ये भी पढ़ें-निजी अस्पतालों में लगेंगे सरकारी हॉस्पिटल के बचे वेंटिलेटर-ऑक्सीजन, फ्री में मिलेगी सुविधा

आरएमएससीएल के प्रबंध निदेशक आलोक रंजन ने बताया कि कोरोना वायरस के गंभीर मरीजों के उपचार में काम आने वाले टोसिलीजूमेब इंजेक्शन की आपूर्ति प्रदेश को होने लगी है. उन्होंने बताया कि 900 टोसिलीजूमेब इंजेक्शन की आपूर्ति के लिए फर्मों को क्रयादेश जारी किए जा चुके हैं एवं 419 मिल चुके हैं.

रंजन ने बताया कि केंद्र से 11 मई को पांच लीटर क्षमता के 150 बी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर एवं 125 सी-पैप वेंटिलेटर्स प्राप्त हुए हैं. उन्होंने बताया कि आरएमएससीएल को 100 ऑक्सीजन रेग्यूलेटर विद हूमिडीफायर बोटल की आपूर्ति भी प्राप्त हो चुकी है.

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 21 अप्रैल से 16 मई तक के लिए राजस्थान हेतु 2,48,000 रेमडेसिविर इंजेक्शन का कोटा निर्धारित किया गया था. अप्रैल से 10 मई तक 2,24,100 मात्रा के क्रयादेश जारी किए गए हैं. इनके विरूद्व 1,24,489 मात्रा प्राप्त कर राज्य के राजकीय एवं निजी चिकित्सालयों को उपलब्ध कराई गई हैं.

ये भी पढ़ें-राजस्थान में कोविड मरीजों को भर्ती करने से मना नहीं कर सकेंगे अस्पताल, फ्री में मिलेगा एबुंलेंस

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के माध्यम से 16 हजार 393 रेमडेसिविर इंजेक्शन की अतिरिक्त मात्रा प्राप्त कर वितरण के लिए जारी की गई हैं.

(इनपुट-भाषा)