News in Brief

Jhunjhunu: झुंझुनूं शहर में संचालित धनखड़ अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार भी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही से इलाज करने के कारण महिला की मौत का आरोप लगा है. यह पहला मौका नहीं है, जब इस अस्पताल पर ऐसा आरोप लगा हो और हंगामा हुआ हो. पहले भी दो-तीन बार ऐसा हो चुका है. लेकिन महज जांच के नाम पर खानापूर्ति होती है और एक छोटे से मकान में यह अस्पताल धड़ल्ले से चल रहा है.

बहरहाल, गुरुवार को एक बार फिर अस्पताल में हंगामा हो गया. दरअसल, खींवासर निवासी एक महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा था. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. जिस पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया.

परिजनों ने कहा कि जब चिकित्सक से इलाज में दिए गए पैसों की रसीद मांगी गई तो वह भी नहीं दी. मौके पर एसडीएम शैलेश खैरवा, पुलिस और डिप्टी सीएमएचओ पहुंचे. इसके बाद समझा कर शव को रवाना किया गया. लेकिन अस्पताल में अधिकारियों को खाली ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें भी मिली हैं.

इससे संभावना जताई जा रही है कि वर्तमान माहौल को देखते हुए ये संसाधन कोविड-19 के इलाज के लिए काम में लिए जा रहे हैं. जबकि अस्पताल इसके लिए अधिकृत भी नहीं है. बहरहाल, पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस संदर्भ में अस्पताल की तरफ से कोई भी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं.

(इनपुट-संदीप केड़िया)