
Jaipur: भारत सरकार और ट्विटर के बीच जारी घमासान के बीच लगातार फेमस हो रहे देसी ट्विटर के नाम से मशहूर Koo App पर जुड़ने वाले लोगों में एक बड़ा नाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) का भी जुड़ गया है. फेसबुक, ट्विटर पर सक्रिय अशोक गहलोत का अकाउंट अब Koo App पर भी बन गया है.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से पत्रकारिता दिवस पर शुभकामनाओं के साथ पहला ट्वीट किया गया. इस देसी एप्प पर जुड़ने के साथ ही 2 दिनों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 11000 से अधिक फॉलोवर हो गए हैं. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोशल मीडिया पर खासे लोकप्रिय हैं.
ये भी पढ़ें-कानून-व्यवस्था के मामले में गहलोत सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई: राज्यवर्धन
उनके ट्विटर हैंडल पर करीब 3 मिलियन तो फेसबुक पेज पर 31 लाख से ज्यादा लोग उन्हें फॉलो करते हैं. चाहे सरकारी योजनाएं हो या केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना या फिर कोविड को लेकर रोजाना होने वाली बैठकों के बारे में जनता को अपडेट करना मुख्यमंत्री के ट्विटर और फेसबुक पर लगातार पोस्ट देखी जा सकती है.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया प्लेटफार्म की रणनीति की जिम्मेदारी संभालने वाले सीएम के ओएसडी लोकेश शर्मा ने बताया की सीएम का ‘कु एप’ पर जुड़ने का मकसद ट्विटर और भारत सरकार के बीच विवाद नहीं है बल्कि हर उस सोशल मीडिया पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना है, जहां बड़ी संख्या में लोग एक्टिव हैं.
लोकेश शर्मा ने यह भी कहा कि कु एप्प की सबसे अच्छी बात है कि देसी सर्वर का उपयोग करता है साथ ही यहां अधिक से अधिक हिंदी भाषा का भी उपयोग होता है. ये सही है कि पिछले कुछ दिनों में इस देसी एप पर जुड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यहां तक की देश के कई मंत्री, नेता, अभिनेता भी इस नए प्लेटफॉर्म के साथ जुड़ते जा रहे हैं.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब से भारत सरकार और ट्विटर के बीच का विवाद सार्वजनिक हुआ है तब से Koo एप पर लोगों का आना तेज हो गया है. पिछले दो से तीन दिनों में हर रोज एक लाख से अधिक नए लोग Koo एप को डाउनलोड कर रहे हैं, जबकि कुल डाउनलोड की संख्या तीस लाख को पार कर गई है.
कुछ दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ऐलान किया था कि वो अभी अब Koo एप पर हैं. अब उनके अलावा भी कई बड़े नाम इस देसी एप से जुड़ गए हैं. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत, बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा, बॉलीवुड स्टार अनुपम खेर, कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के अलावा कई बड़े नाम इस ऐप पर मौजूद हैं. साथ ही भारत सरकार के कई बड़े मंत्रालय और अधिकारियों ने भी अब इस ऐप को ही चुना है.
ये भी पढ़ें-कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए ज्यादा बिजली कनेक्शन जारी करेंगे: गहलोत
Koo एप के को-फाउंडर में से एक ए. राधाकृष्णा के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में कई गुना लोग इस ऐप से जुड़े हैं. यही कारण है कि हाल ही के वक्त में एप लोड नहीं ले पाया है और कुछ बार डाउन भी हुआ है. लेकिन उनकी कोशिश है कि लगातार सुधार किया जाए, ताकि अधिक लोड लिया जा सके.
को-फाउंडर ने ये भी बताया है कि उनका फोकस ये है कि सिर्फ भारतीय सर्वर का ही इस्तेमाल किया जाए. बता दें कि भारत सरकार और ट्विटर के बीच लगातार तकरार हो रही है, ऐसे में लोग इस ओर शिफ्ट हो रहे हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ में इस एप की तारीफ कर चुके हैं.
