News in Brief

प्रमोद शर्मा/भोपाल: मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका मौसम विभाग ने जताई है. 

मौसम वैज्ञानियों की मानें तो आगामी 17 और 18 मई को भी मौसम का मिजाज जस का तस बना रहेगा. जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. 

ये भी पढ़ें-हुदहुद, निसर्ग, अंफन और अब ‘ताउ ते’, जानिए कैसे रखे जाते हैं चक्रवाती तूफानों के नाम और क्यों?

मौसम विभाग के अनुसार अरब साहर में बनने वाला ताउ ते तूफान 16 मई को गुजरात के तट पर टकरा सकता है. जिसके कारण अगले 72 घंटे मौसम में बड़ा बदलाव ला सकते हैं. 18-19 मई को मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं. 

मौसम वैज्ञानियों ने बताया कि राजधानी समेत इंदौर, होशंगाबाद व उज्जैन संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. साथ ही जबलपुर, गुना, ग्वालियर शिवपुरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह और टीकमगढ़ में बरसात होगी. 

बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में 15 से 20 जून के बीच मानसून शुरू हो सकता है. मानसून के चार महीनों में इंदौर संभाग में अधिक बारिश होने की आशंका है.

Watch LIVE TV-