
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पालतू कुत्ते के साथ बर्बरता का मामला प्रकाश में आया है. यहां पशुओं के कल्याण से जुड़ी एक स्वयंसेवी संस्था के सचिव ने पालतू कुत्ते का इलाज नहीं करवाने का आरोप लगाते हुए कुत्ते के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है. प्राथमिकी में आरोपी पर कुत्ते की आंख फोड़ने और समुचित इलाज नहीं करवाने का आरोप लगाया है.
बता दें की मामला जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र का है. यहां मालीघाट के रहने वाले राजकुमार को आरोपी बनाया गया है और आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने कुत्ते को बर्बर तरीके से पीटा जिससे उसकी आंख फूट गई और इलाज के अभाव में शरीर के जख्मों में कीड़े पड़ गए लेकिन मालिक राजकुमार ने कुत्ते का इलाज नहीं करवाया.
वहीं, कुत्ते के बारे में स्वयंसेवी संस्था को जब पता चला तो टीम ने राजकुमार के यहां पहुंचकर कुत्ते को लेकर पूछताछ की और इलाज कराने को कहा. इस पर कुत्ते के मालिक ने उनसे अभद्र व्यवहार किया. इसके बाद स्वयंसेवी संस्था की ओर से ही कुत्ते का इलाज करवाया गया.
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में पैसा हड़पने का नया खेल, सिविल सर्जन के स्टोनों ने रची साजिश
जानकारी के अनुसार, कुत्ते की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. वहीं, जब स्थानीय मिठनपुरा थाना में सुमंत शेखर मामला दर्ज कराने गई तो उनकी शिकायत पर पुलिसवालों ने टालमटोल किया. जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से संपर्क कर उन्हें मेल किया गया और मामले की जानकारी दी गई.
मंत्री मेनका गांधी ने पहल कर मुजफ्फरपुर एसएसपी जयंत कांत को फोन किया जिसके बाद मामला दर्ज किया गया. इधर, मिठनपुरा थानाध्यक्ष भागीरथ प्रसाद ने बताया कि ‘पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.’
(इनपुट- मनोज)
