
Ranchi: कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार की शाम को बड़ा ऐलान किया है. 21 जून से देश में 18 साल से अधिक उम्र वाले सभी लोगों को भारत सरकार की तरफ से मुफ्त वैक्सीन लगाई जाएगी. साथ ही अब नवंबर 2021 तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जाएगा. पीएम के इस फैसले पर बीजेपी (BJP) ने खुशी जाहिर की है. वहीं, कांग्रेस (Congress) और जेएमएम (JMM) ने कहा, ‘देर आए दुरुस्त आए.’
ये भी पढ़ेंः Bihar Election PM Rally: पीएम मोदी बोले- बिहार को बनाएंगे आईटी हब
वैक्सीनेशन पर पीएम मोदी के इस बड़े एलान के बाद अब वैक्सीन का 75 प्रतिशत हिस्सा केंद्र और 25 प्रतिशत प्राइवेट सेक्टर को दिया गया है. वहीं, राज्यों से वैक्सीनेशन का काम वापस लिया जाएगा और अब केंद्र सरकार ही यह काम करेगी.
बता दें कि अभी तक वैक्सीन का 50 फीसदी काम केंद्र सरकार, 25 फीसदी राज्य सरकारें और 25 फीसदी प्राइवेट सेक्टर के हाथ में था.लेकिन अब वैक्सीन का 75 फीसदी हिस्सा केंद्र सरकार और बाकी हिस्सा प्राइवेट सेक्टर को दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘देश के किसी भी राज्य सरकार को वैक्सीन पर कुछ भी खर्च नहीं करना होगा.’ पीएम मोदी ने कहा कि ‘देश में बन रही वैक्सीन में से 25 प्रतिशत प्राइवेट सेक्टर के अस्पताल सीधे ले सकेंगे. वैक्सीन की निर्धारित कीमत के उपरांत एक डोज पर अधिकतम 150 रुपए ही सर्विस चार्ज ले सकेंगे. इसकी निगरानी करने का काम राज्य सरकारों के ही पास रहेगा.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी के साथ एक और बड़ा ऐलान किया है. अब नवंबर 2021 तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जाएगा. बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले साल भी ऐसी ही स्कीम चलाई थी. पीएम मोदी ने कहा कि ‘कोरोना की दूसरी लहर के बीच फिर संकट आया है. ऐसे में अब सरकार फिर यह स्कीम ला रही है.’
ये भी पढ़ेंः PM मोदी के फोन पर हेमंत सोरेन की टिप्पणी से बवाल! कई CM ने की निन्दा, कहा-ओछी हरकत कर दी आपने
वहीं मुफ्त वैक्सीन देने के पीएम के ऐलान पर झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव (Rameshwar Oraon) ने कहा कि ‘हमारी मांग थी कि पूरे देश में सभी नागरिक को वैक्सीन केंद्र सरकार दिलाए. अंततः केंद्र ने हमारी मांगें मान ली है. पीएम के इस ऐलान के बाद एक ओर जहां वैक्सीनेशन को लेकर केंद्र और राज्य के बीच तकरार कम होगी. साथ ही कोरोना काल में जरूरतमंदों के बीच भोजन का संकट नहीं होगा.’
