
RCB-W vs DC-W: महिला प्रीमियर लीग में आरसीबी की जीत का रथ थमने का नाम नहीं ले रहा है. आरसीबी ने दिल्ली की दबंगई निकालकर जीत का चौका लगाया. इस बार जीत की नायक कप्तान स्मृति मंधाना रहीं, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया. मंधाना के शतक से चूकने के बाद आरसीबी फैंस का दिल टूट गया. एकतरफा अंदाज में आरसीबी ने 8 विकेट से मुकाबले को अपने नाम किया. दिल्ली की तरफ से शेफाली वर्मा ने पूरा जोर लगाया, लेकिन उनकी आतिशी फिफ्टी काम नहीं आई.
आरसीबी ने जीता था टॉस
आरसीबी की टीम ने टॉस जीतकर मुकाबले में गेंदबाजी करने का फैसला किया था. आरसीबी की तरफ से सयाली सतघरे और लौरा बेल ने कमाल की गेंदबाजी की. 10 रन के स्कोर पर ही दिल्ली ने अपने 4 बल्लेबाजों को खो दिया था. शेफाली वर्मा ने मोर्चा एक छोर से संभाले रखा. लौरा बेल और सतघरे ने 3-3 विकेट अपने नाम किए. प्रेमा रावत ने 2 विकेट जबकि एक विकेट डि क्लर्क ने भी झटका. शेफाली वर्मा की 66 रन की आतिशी पारी की बदौलत टीम ने बोर्ड पर 166 रन टांगे.
14 रन पर आरसीबी को लगा था पहला झटका
आरसीबी की टीम को 14 के स्कोर पर पहला झटका लग गया था. लेकिन स्मृति मंधाना का जादू इस मुकाबले में चल गया. साथ में जॉर्जिया वॉल ने भी आतिशी फिफ्टी ठोकी. मंधाना कमाल की लय में नजर आईं और उन्होंने महज 61 गेंद में 13 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 96 रन की धमाकेदार पारी खेली लेकिन शतक सेचूक गईं. जॉर्जिया वॉल ने 54 रन बनाए और टीम को एकतरफा जीत दिलाई. चार जीत के साथ आरसीबी पाइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है.
ये भी पढे़ं.. टीम इंडिया से लंबे वक्त से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे, अब अचानक उठाया ये बड़ा कदम
पहली बार RCB ने किया ये कारनामा
WPL में आरसीबी की टीम ने पहली बार लगातार चार मुकाबलों में जीत दर्ज की है. फैंस के लिए वीकेंड पैसा वसूल साबित हुआ. दिन के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. यूपी से बदला लेने की उम्मीद से उतरी मुंबई की टीम एक बार फिर हार गई. मेग लैनिंग और फोबे लिचफील्ड ने मुंबई के सामने रनों का अंबार लगाया और चेजिंग में हरमनप्रीत कौर की टीम फेल हो गई.
