News in Brief

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 22 फरवरी रविवार को सुपर-8 की महाभिड़ंत है. टीम इंडिया इस मुकाबले को अपना बनाने के फिराक में होगी वहीं, लीग स्टेज में सभी मैच जीतने वाली साउथ अफ्रीका की टीम ये मुकाबला अपने नाम करना चाहेगी. इस बीच अचानक दक्षिण अफ्रीका ने बड़ा ऐलान कर दिया है. साउथ अफ्रीका मैनेजमेंट ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए अपनी टीम की एनाउंसमेंट की है और टीम की कमान स्पिन गेंदबाज केशव महराज के हाथों में सौंपी है. इस स्क्वॉड में टी20 विश्व कप खेल रहे तीन खिलाड़ियों को छोड़कर बाकी सभी को बाहर रखा गया है. माना जा रहा है कि वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया है. इस सीरीज के लिए टीम की जिम्मेदारी केशव महाराज को सौंपी गई है. हालांकि नियमित कप्तान एडन मार्करम ही हैं और वे टी20 विश्व कप में टीम की अगुवाई करते रहेंगे, लेकिन सिर्फ इस दौरे के लिए कप्तानी में बदलाव किया गया है.

मार्च में मचेगा घमासान 
टी20 विश्व कप का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा. इसके ठीक एक हफ्ते बाद, 15 मार्च से साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज शुरू हो जाएगी. यह पूरी सीरीज न्यूजीलैंड में खेली जाएगी. फिलहाल न्यूजीलैंड ने अपनी टीम की घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही उनका स्क्वाड भी सामने आ जाएगा. सीरीज का आखिरी मैच 25 मार्च को होगा. इस दौरान टी20 विश्व कप में हिस्सा ले रहे साउथ अफ्रीका के ज्यादातर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा। मार्च के अंत में आईपीएल की भी शुरुआत होनी है, जहां साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी एक बार फिर एक्शन में नजर आएंगे.

टी20 विश्व कप टीम से सिर्फ तीन खिलाड़ियों को मौका
इस समय टी20 विश्व कप खेल रही साउथ अफ्रीकी टीम में से केवल तीन खिलाड़ियों को ही न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुना गया है। इनमें कप्तान केशव महाराज के साथ स्पिनर जॉर्ज लिंडे और ऑलराउंडर जेसन स्मिथ शामिल हैं. बाकी खिलाड़ियों को ब्रेक दिया गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि नई सूरत वाली साउथ अफ्रीकी टीम इस सीरीज में कैसा प्रदर्शन करती है. फिलहाल सबकी नजरें टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां 22 फरवरी को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अहम मैच खेला जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएत्ज़ी, टोनी डी ज़ोरज़ी, कॉनर एस्टरहुइज़न, डियान फ़ॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन और जेसन स्मिथ.

ये भी पढ़ें: जीत के साथ कंगारुओं की विदाई…ओमान के खिलाफ खूब गरजा कप्तान मार्श का बल्ला, बाल-बाल बची लाज