News in Brief

T20 World Cup 2026 Day 2:  टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिला. न्यूजीलैंड के सामने दहाड़ने वाली अफगानिस्तान का जादू पहले मैच में फेल रहा. वहीं, दूसरा नेपाल और इंग्लैंड का मुकाबला फैंस के लिए पैसा वसूल साबित हुआ. तीसरे मैच में श्रीलंका की टीम ने जीत का झंडा गाड़कर शानदार आगाज किया. आईए आपको हम पूरे दिन का लेखा जोखा बताते हैं. 

न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को धोया

अफगानिस्तान के सामने न्यूजीलैंड 25 मुकाबलों के बाद 180+ टारगेट चेज करते हुए टी20 फॉर्मेट में जीत दर्ज की. इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 182 रन बनाए. गुलबदीन नायब ने 63 रन की बेहतरीन पारी खेली. जवाब में कीवी टीम की तरफ से टिम शेफर्ट ने खूंटा गाड़ा और 65 रन ठोक जीत की नींव रख दी थी. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने 25 गेंद में 42 रन ठोककर मुकाबले को एकतरफा बनाया. मार्क चैपमैन ने 28 जबकि डेरिल मिचेल ने 25 रन ठोक टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई. 

Add Zee News as a Preferred Source

नेपाल ने इंग्लैंड के छुड़ाए छक्के

दूसरे मुकाबले में सभी को दो बार के चैंपियन इंग्लैंड की जीत की पूरी उम्मीद थी. लेकिन कुछ ही घंटों में जीत का प्रतिशत 50-50 हो गया. नेपाल ने पहले गेंदबाजी से इंग्लैंड के सामने मुश्किल खड़ी की. इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (53) और जैकब बेथेल (55) के अर्धशतक के दम पर टीम के स्कोर को 184 तक पहुंचाया. 185 रन का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम 180 तक पहुंच गई थी और आखिरी गेंद तक इंग्लैंड की सांसें अटकाए रखीं. नेपाल की तरफ से रोहित पोडेल (39), दीपेंद्र सिंह ऐरी (44) और लोकेश बम (39) ने शानदार पारियां खेलीं. आखिर में इंग्लैंड ने 4 रन से जीत दर्ज की. 

ये भी पढे़ं.. 0 फिफ्टी और वर्ल्ड कप में ‘तांडव’, कौन हैं इंग्लैंड की बैंड बजाने वाला बल्लेबाज?

श्रीलंका ने बजाया जीत का डंका

दिन के तीसरे मुकाबले में श्रीलंका और आयरलैंड के बीच भी कांटे की टक्कर देखने को मिली. टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं थी. लेकिन कुसल मेंडिस ने 56 जबकि कामिंदु मेंडिस ने 44 रन की पारी खेलकर स्कोर को 163 तक पहुंचाया. जवाब में आयरलैंड की टीम ने शानदार शुरुआत से श्रीलंका की धड़कनें बढ़ा दी थीं. हैरी टैक्टर ने 34 गेंद में 40 रन जबकि रॉस अडायर ने 23 गेंद में 34 रन की पारियां खेली. लेकिन इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर होती नजर आई. श्रीलंका की तरफ से महेश तीक्षणा और वानिंदु हसरंगा ने 3-3 विकेट झटके. 2 विकेट पथिराना जबकि 1-1 विकेट वेल्लालागे और चमीरा के खाते आया. श्रीलंका ने मुकाबले को 20 रन से जीता.